SIM Card का नया नियम लागू, इन लोगों को अब नहीं मिलेगा नया कनेक्शन

न्यूज तक डेस्क

21 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 21 2026 9:35 AM)

24 अगस्त से SIM कार्ड कनेक्शन को लेकर नियमों में सख्ती होगी. नया SIM लेने से पहले टेलीकॉम कंपनियां जांच करेंगी कि ग्राहक के नाम पर कितने नंबर पहले से हैं.

SIM Card new rule 2026
SIM Card new rule 2026
Google CTA

सिम कार्ड को लेकर दूरसंचार विभाग (DoT) ने नियमों को लेकर सख्ती बढ़ा दी है. 24 अगस्त से मोबाइल कनेक्शन से जुड़ा नया नियम लागू होने जा रहा है. इसके बाद अगर किसी व्यक्ति के नाम पर पहले से तय संख्या में SIM कार्ड जारी हैं, तो उसे नया मोबाइल कनेक्शन लेने में परेशानी हो सकती है.

Read more!

दरअसल, सरकार की कोशिश मोबाइल कनेक्शन के गलत इस्तेमाल और फर्जी SIM कार्ड पर रोक लगाने की है. नए कनेक्शन से पहले टेलीकॉम कंपनियों को यह जांचना होगा कि ग्राहक के नाम पर पहले से कितने मोबाइल नंबर चल रहे हैं. अगर तय सीमा पूरी हो चुकी है, तो नया SIM जारी नहीं किया जाएगा.

एक आधार कार्ड पर कितने SIM ले सकते हैं?

भारत में एक व्यक्ति अपने नाम और आधार कार्ड के जरिए अधिकतम 9 मोबाइल कनेक्शन ले सकता है. यह सीमा देश के ज्यादातर हिस्सों में लागू है. हालांकि जम्मू-कश्मीर, असम और पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में यह सीमा 6 मोबाइल कनेक्शन की है.

यानी अगर किसी व्यक्ति के नाम पर पहले से ही तय सीमा के मुताबिक SIM कार्ड मौजूद हैं, तो वह नया मोबाइल नंबर नहीं ले पाएगा. नया कनेक्शन जारी करने से पहले टेलीकॉम कंपनी को इस सीमा की जांच करनी होगी.

आपके नाम पर कितने SIM कार्ड हैं, ऐसे करें चेक

अगर आपको नहीं पता कि आपके नाम पर कितने मोबाइल नंबर चल रहे हैं, तो इसे ऑनलाइन चेक किया जा सकता है. इसके लिए सरकार के TAFCOP पोर्टल का इस्तेमाल किया जा सकता है.

पोर्टल पर मोबाइल नंबर की मदद से लॉगिन करने के बाद आपके नाम पर जारी मोबाइल कनेक्शनों की जानकारी देखी जा सकती है. इससे यह भी पता चल सकता है कि कहीं आपके नाम पर ऐसा SIM तो एक्टिव नहीं है, जिसे आप इस्तेमाल ही नहीं कर रहे हैं.

ऐसे करें चेक:

भारत सरकार के दूरसंचार विभाग (DoT) का संचार साथी (Sanchar Saathi) पोर्टल यह सुविधा देता है कि आप यह पता लगा सकें कि आपकी आईडी पर कुल कितने सिम कार्ड जारी हैं.

अगर आप जानना चाहते हैं कि आपके नाम पर कितने नंबर चल रहे हैं, तो इन आसान स्टेप्स को फॉलो करें:

1. पोर्टल पर जाएं: सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट sancharsaathi.gov.in खोलें.

2. विकल्प चुनें: होमपेज पर नीचे दिख रहे 'Know Your Mobile Connections' (TAFCOP) पर क्लिक करें.

3. OTP दर्ज करें:

- अपना चालू मोबाइल नंबर और कैप्चा (Captcha) कोड डालें.

- इसके बाद मोबाइल पर आए OTP को डालकर लॉगिन करें.

लिस्ट देखें: लॉगिन होते ही आपकी आईडी से लिंक सभी चालू मोबाइल नंबरों की सूची स्क्रीन पर आ जाएगी.

अनजान SIM दिखे तो क्या करें?

लिस्ट में यदि कोई ऐसा नंबर दिखता है जो आपका नहीं है या जिसका इस्तेमाल अब आप नहीं करते, तो उसके आगे बने बॉक्स को टिक करें.

इसके बाद स्थिति के हिसाब से 'Not My Number' या 'Not Required' का विकल्प चुनें.

नीचे दिए गए 'Report' बटन पर क्लिक कर दें.

रिपोर्ट सबमिट होते ही आपको एक ट्रैकिंग आईडी मिल जाएगी, जिससे आप अपनी शिकायत का स्टेटस चेक कर सकते हैं.