UP के सुल्तानपुर में मैच खेलकर लौट रहे थे 6 खिलाड़ी, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रक से भिड़ी कार, 3 की मौत

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर लखनऊ से लौट रहे टेनिस खिलाड़ियों की कार अज्ञात ट्रक से टकराने से 3 खिलाड़ियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसे में 3 अन्य खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.

NewsTak
Google CTA

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में बुधवार तड़के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा हो गया. लखनऊ से मैच खेलकर लौट रहे पेशेवर टेनिस खिलाड़ियों की अर्टिगा कार एक्सप्रेसवे पर आगे चल रहे एक अज्ञात ट्रक से पीछे से जोरदार तरीके से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. इस दर्दनाक हादसे में 3 खिलाड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

Read more!

मैच खेलकर लखनऊ से देवरिया लौट रहे थे खिलाड़ी

हादसा धनपतगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 97.500 के पास भोर (सुबह) के समय हुआ. कार में कुल 6 लोग सवार थे, जो लखनऊ में टेनिस प्रतियोगिता खेलने के बाद वापस देवरिया की तरफ जा रहे थे. रफ्तार तेज होने के कारण कार सीधे ट्रक के पीछे जा घुसी.

हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा (UUPIDA) के गश्ती व सुरक्षा दल तुरंत मौके पर पहुंचे. क्रेन की मदद से बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार को हटाया गया और उसमें फंसे घायलों को बाहर निकाला गया.

3 की मौके पर मौत, 3 अस्पताल में भर्ती

हादसे में देवरिया निवासी नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) की मौके पर ही जान चली गई. वहीं देवरिया के आनंद यादव (23), राजू (22) और पश्चिम बंगाल (बीरभूम) के रहने वाले जयंतो शर्मा (30) हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए.

सभी घायलों को पहले नजदीकी कुमारगंज अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया.

सब सो रहे थे, अचानक हुआ धमाका

इलाज के दौरान घायल खिलाड़ी जयंतो शर्मा ने बताया कि वे सभी पेशेवर खिलाड़ी हैं और लखनऊ से खेलकर वापस लौट रहे थे. सुबह तड़के का वक्त होने के कारण कार में सवार ज्यादातर लोग गहरी नींद में थे, इसलिए किसी को संभलने या यह समझने का मौका ही नहीं मिला कि हादसा कैसे हुआ.

क्षेत्राधिकारी (सीओ) बल्दीराय आशुतोष कुमार के मुताबिक, पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और टक्कर मारकर भागे अज्ञात ट्रक की तलाश की जा रही है.

ये भी पढ़ें: भदोही: मेले में पहलवान ने UP पुलिस के दरोगा प्रमोद यादव को दी चुनौती... अखाड़े में उतरे तो मिनटों में पलट गया पूरा गेम, भीड़ रह गई दंग