बलिया की बहादुर बिटिया रागिनी को मिला 'आप' का साथ, सांसद संजय सिंह ने भिजवाई आर्थिक मदद और व्हीलचेयर, जल्द लगेगा कृत्रिम पैर

न्यूज तक डेस्क

• 04:08 PM • 03 Sep 2026

बलिया की बहादुर बिटिया रागिनी को आप सांसद संजय सिंह के निर्देश पर व्हीलचेयर और 25,000 रुपये की मदद दी गई. जल्द ही कानपुर एलिम्को में कृत्रिम पैर भी लगवाया जाएगा.

NewsTak
तस्वीर: AAP सांसद संजय सिंह के सोशल मीडिया X से.
Google CTA

एक पैर के सहारे 400 मीटर कूदकर स्कूल जाने वाली बलिया जिले की 7 वर्षीय बहादुर बिटिया रागिनी की मदद के लिए आम आदमी पार्टी (आप) आगे आई है. उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह के निर्देश पर पार्टी प्रतिनिधियों ने रागिनी के घर पहुंचकर उसे व्हीलचेयर, बैसाखी, अध्ययन सामग्री (कॉपी-कलम) और 25,000 रुपये की नकद आर्थिक सहायता सौंपी.

Read more!

सांसद संजय सिंह ने खुद वीडियो कॉल के जरिए रागिनी और उसके परिजनों से बात की, उसका हौसला बढ़ाया और भविष्य में पूरी मदद का भरोसा दिया. 

क्या है पूरा मामला? 

बलिया के मनियर ब्लॉक अंतर्गत दिघेड़ा ग्राम सभा के रानीपुर गांव की रहने वाली रागिनी जब महज 6 महीने की थी, तब एक दर्दनाक हादसे में उसने अपना एक पैर खो दिया था. इसके बावजूद रागिनी के हौसले कम नहीं हुए. वह रोजाना एक पैर से कूदते हुए अपने घर से 400 मीटर दूर स्थित स्कूल पढ़ने जाती थी. जब इस साहसी बच्ची की कहानी सामने आई, तो सांसद संजय सिंह ने तुरंत संज्ञान लेते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को मदद के निर्देश दिए. 

सर्वेश मिश्रा और जिलाध्यक्ष ने की मुलाकात 

आप प्रदेश प्रवक्ता सर्वेश मिश्रा, बलिया जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव और महासचिव अंजनी तिवारी रागिनी के घर पहुंचे और उसे राहत सामग्री व आर्थिक सहायता प्रदान की. प्रवक्ता सर्वेश मिश्रा ने कहा कि सांसद संजय सिंह के मार्गदर्शन में पूरी पार्टी प्रदेश के पीड़ित और शोषित वर्गों की सेवा के लिए हमेशा संकल्पित है. इस सहयोग से अब बिटिया को अपनी पढ़ाई जारी रखने में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी.

कानपुर 'एलिम्को' में लगेगा कृत्रिम पैर 

तत्कालिक सहायता प्रदान करने के साथ ही सांसद संजय सिंह ने घोषणा की है कि रागिनी को जल्द ही कृत्रिम पैर (Artificial Leg) लगवाया जाएगा. इसके लिए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता उसे कानपुर स्थित 'एलिम्को' (भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम) ले जाएंगे, ताकि वह किसी अन्य के सहारे के बिना अपने पैरों पर चलकर अपने उज्जवल भविष्य की ओर कदम बढ़ा सके. 

सांसद संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है और रागिनी जैसी बिटिया की मुस्कान ही असली पूंजी है. रागिनी के परिवार ने इस मानवीय पहल के लिए सांसद संजय सिंह और आम आदमी पार्टी का आभार जताया. 

'DM अंकल, मुझे ट्राई साइकिल दिलवा दीजिए...' एक पैर से कूदकर स्कूल जाती रागिनी की भावुक अपील, अब प्रशासन ने किया बड़ा ऐलान