आगरा: UGC बिल के विरोध प्रदर्शन के दौरान 'बहन जी' शब्द पर छिड़ी बहस, ACP अमीषा सिंह ने कार्यकर्ता को टोका, वीडियो वायरल

• 04:34 PM • 18 Nov 2026

ACP Amisha Singh Behan Ji Controversy: आगरा में UGC बिल के विरोध में प्रदर्शन कर रहे परशुराम दल के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच बहस हो गई. लेकिन इस दौरान एक ऐसी बात हो गई, जिसने पूरे विवाद का रुख बदल दिया. एक कार्यकर्ता के संबोधन पर ACP अमीषा सिंह ने आपत्ति जताई. अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.

UGC बिल के विरोध के बीच ACP अमीषा सिंह से भिड़ा कार्यकर्ता
UGC बिल के विरोध के बीच ACP अमीषा सिंह से भिड़ा कार्यकर्ता
Google CTA

ACP Amisha Singh Behan Ji Controversy: उत्तर प्रदेश के आगरा में UGC बिल के विरोध में प्रदर्शन करने पहुंचे परशुराम दल के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर बहस हो गई. हालांकि, इस दौरान विवाद की वजह UGC बिल या प्रदर्शन की अनुमति नहीं, बल्कि एक संबोधन बन गया. दरअसल, एक कार्यकर्ता ने सदर ACP अमीषा सिंह को 'बहन जी' कहकर संबोधित कर दिया. इस पर ACP ने आपत्ति जताई और कहा कि 'मैं बहन जी नहीं हूं.' इसके बाद दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई. अब इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के मुताबिक, परशुराम दल के कार्यकर्ता UGC बिल के विरोध में रैली निकालने की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया. पुलिस ने इसके लिए इलाके में धारा 163 लागू होने का हवाला दिया. पुलिस का कहना था कि प्रशासन की ओर से इस तरह के जमावड़े और विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है.

पुलिस की इस कार्रवाई पर प्रदर्शनकारी नाराज हो गए. उन्होंने सवाल उठाया कि जब इलाके में धारा 163 लागू है और प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जा रही, तो हाल ही में आयोजित दलित महासम्मेलन को अनुमति कैसे दी गई थी? इसी सवाल को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बहस शुरू हो गई.

'बहन जी' कहने पर ACP ने जताई आपत्ति

प्रदर्शन के दौरान सदर ACP अमीषा सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद थीं. वह कार्यकर्ताओं को समझाने और स्थिति को संभालने की कोशिश कर रही थीं. इसी दौरान परशुराम दल के एक कार्यकर्ता ने बातचीत के दौरान ACP को 'बहन जी' कहकर संबोधित कर दिया.

इस संबोधन पर ACP अमीषा सिंह ने तुरंत आपत्ति जताई. उन्होंने कार्यकर्ता को टोकते हुए कहा, "मैं बहन जी नहीं हूं." इसके जवाब में कार्यकर्ता ने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं को बहन कहकर सम्मान दिया जाता है, इसलिए वह उन्हें बहन जी ही कहेंगे.

इसके बाद दोनों के बीच बहस और तेज हो गई. जिस प्रदर्शन में UGC बिल और अनुमति का मुद्दा उठाया जा रहा था, वहां चर्चा का केंद्र ACP को संबोधित करने का तरीका बन गया.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है. वीडियो सामने आने के बाद लोग इस पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ लोग कार्यकर्ता के संबोधन को महिलाओं के प्रति सम्मान से जोड़ रहे हैं, तो कुछ लोग पुलिस अधिकारियों से बातचीत के दौरान भाषा और प्रोटोकॉल का ध्यान रखने की बात कह रहे हैं. फिलहाल, इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है.

यह भी पढ़ें: कार्ड बंट चुके थे, मैरिज होम भी बुक था...फिर शादी के 8 दिन पहले तिरंगे में लिपटकर अलीगढ़ पहुंचा करन का शव