आगरा: रेलवे के दो विभागों के बीच हाथपाई! RPF के 4 जवान ने डिप्टी अधीक्षक के साथ की हैरान करने वाली हरकत, सामने आई वजह

अरविंद शर्मा

• 10:26 AM • 13 Jul 2026

Agra Cantt Station Clash: आगरा कैंट स्टेशन पर यात्री सुरक्षा के तहत ट्रेन रोकने को लेकर डिप्टी एसएस और आरपीएफ जवानों के बीच हिंसक झड़प और मारपीट हुई.

RPF जवानों और रेल अधिकारी के बीच हाथापाई
RPF जवानों और रेल अधिकारी के बीच हाथापाई
Google CTA

उत्तर प्रदेश के आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर रविवार दोपहर को एक यात्री की मदद करने के चक्कर में रेलवे अधिकारी और आरपीएफ (RPF) के जवान आपस में ही भिड़ गए. बात इतनी बढ़ गई कि आरपीएफ जवानों ने ड्यूटी पर तैनात उप स्टेशन अधीक्षक (डिप्टी SS) नरेंद्र सिंह चाहर की बेरहमी से पिटाई कर दी और उन्हें जमीन पर घसीटते हुए थाने ले गए. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है. आनन-फानन में मामले पर कड़ा एक्शन लेते हुए आरपीएफ के 4 कर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है.

Read more!

आखिर कैसे शुरू हुआ यह पूरा बवाल?

यह पूरा मामला रविवार दोपहर करीब 12 बजे का है, जब अमृतसर से विशाखापट्नम जाने वाली हीराकुंड एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 20808 आगरा कैंट के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर आकर रुकी. ट्रेन में सफर कर रही एक यात्री प्लेटफॉर्म पर उतरीं वो प्लेटफॉर्म पर ही थी इसी बीच ट्रेन चलने लगी. चलती ट्रेन की तरफ यात्री को दौड़ते देख वहां ड्यूटी पर तैनात डिप्टी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट ने ट्रेन को रोकने का फैसला लिया.  इसी बात को लेकर डिप्टी SS और RPF कर्मियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों विभाग आमने-सामने आ गए. एक तरफ रेलवे के अधिकारी खड़े थे तो दूसरी तरफ RPF के जवान और अधिकारी. आरोप है कि इसी दौरान डिप्टी SS के साथ मारपीट की गई. वहीं RPF कांस्टेबल जितेंद्र ने भी डिप्टी SS पर मारपीट का आरोप लगाया है. यानी दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हाथापाई के आरोप लगा रहे हैं. 

जीआरपी थाने में मुकदमा और डीआरएम ऑफिस का घेराव

इस शर्मनाक घटना की खबर मिलते ही रेलवे के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया. शुरुआती जांच और तथ्यों को देखते हुए रेलवे ने सख्त रुख अपनाया और आरपीएफ के इन चार कर्मचारियों को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया:

  • एएसआई (ASI) मेघराज मीणा
  • एएसआई (ASI) बालकिशन
  • कांस्टेबल जितेंद्र
  • कांस्टेबल बदन सिंह

स्टेशन पर हुए इस बवाल की असली सच्चाई का पता लगाने के लिए रेलवे ने एक उच्च स्तरीय तीन सदस्यीय जांच कमेटी बनाई है. इस कमेटी में ASC आगरा कैंट, स्टेशन डायरेक्टर आगरा कैंट और AOM आगरा को शामिल किया गया है. घटना के वक्त वहां क्या-क्या हुआ, यह साफ करने के लिए स्टेशन पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को बारीकी से देखा जा रहा है। रेल प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आते ही दोषियों के खिलाफ नियमों के मुताबिक आगे की कड़ी कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी. 

ये भी पढ़ें: मेरठ: ललिता गौतम को लेकर अखिलेश यादव के पास पहुंची सांसद इकरा हसन, सपा प्रमुख ने यूपी पुलिस को घेरा