आगरा में चाऊमीन की रेहड़ी के सामने भिड़े वकील और दरोगा; सरेआम हुई 'खाकी' की बेइज्जती, वीडियो वायरल

Agra viral video: आगरा में वकील और दरोगा के बीच सड़क पर हुई तीखी बहस का वीडियो वायरल हो गया है. चार्जशीट के नाम पर पैसे मांगने के आरोप के बीच वकील ने सरेआम दरोगा को खरी-खोटी सुनाई. जानिए क्या है पूरा मामला, कैसे बढ़ा विवाद और अंत में कैसे हुआ समझौता.

Agra viral video
Agra viral video

नितिन उपाध्याय

follow google news

ताजनगरी आगरा में पुलिस और वकीलों के बीच की तनातनी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. न्यू आगरा थाना क्षेत्र के न्यायालय परिसर चौकी के पास एक वकील और यूपी पुलिस के दरोगा के बीच सड़क पर ही तीखी झड़प देखने को मिली. चाऊमीन की ठेल (रेहड़ी) लगाने वालों और राहगीरों के सामने वकील ने दरोगा को जमकर खरी-खोटी सुनाई, जिससे पुलिसकर्मी को खासी शर्मिंदगी झेलनी पड़ी.

Read more!

चार्जशीट के नाम पर पैसे मांगने का आरोप

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि वकील अक्षय और सब-इंस्पेक्टर (SI) विपुल कुमार के बीच बहस हो रही है. वकील ने दरोगा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे मुकदमों में चार्जशीट लगाने के नाम पर 10,000 से 15,000 रुपये की मांग करते हैं. वकील ने यह भी दावा किया कि उनके पास इन आरोपों के पुख्ता सबूत और रिकॉर्डिंग मौजूद हैं.

'वर्दी का ढोंग मत दिखा' - तू-तड़ाक पर उतरी बात

झड़प के दौरान बातचीत 'तू-तड़ाक' तक पहुंच गई. वकील ने दरोगा से कहा, 'अपनी ऐंठन थाने तक रखना, यहां मुझे मत दिखा.' जब दरोगा ने मर्यादित भाषा में बात करने को कहा, तो वकील और उग्र हो गए और बोले, 'भैया-भैया करके बहुत सम्मान कर लिया, अब तू-तड़ाक से ही बात होगी.' वकील ने यहां तक कह दिया कि 'मैं अपना कोट उतार रहा हूं, तू अपनी वर्दी उतार दे, फिर देख लेते हैं कौन कितना ताकतवर है.' 

प्रशिक्षु दरोगा और आपसी विवाद

वीडियो में वकील यह भी कहते नजर आ रहे हैं कि अभी दरोगा का ट्रेनिंग पीरियड चल रहा है और वे अभी से इस तरह का व्यवहार कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत अधिवक्ताओं के खाने की रेहड़ी के पास से हुई थी, जहां पुलिस किसी शिकायत पर पहुंची थीय दरोगा ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन वकील उन पर भारी पड़ते नजर आए.

अंत में हुआ समझौता और माफी

न्यू आगरा थाना प्रभारी योगेश कुमार के मुताबिक, इस घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई और मामला शांत हो गया है. बताया गया है कि वकील ने अपने व्यवहार के लिए दरोगा से माफी मांग ली है और फिलहाल मामला सुलझ गया है. हालांकि, इस वीडियो ने एक बार फिर उत्तर प्रदेश की कानून और न्याय व्यवस्था से जुड़े दो अहम स्तंभों के बीच के तालमेल और व्यवहार पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

    follow google news