आगरा से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक पत्नी और उसके ससुर ने मिलकर दामाद को जन्मदिन की पार्टी के बहाने बुलाया और उसे मौत की नींद सुला दिया. 4 महीने बाद आई बिसरा रिपोर्ट ने इस खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हुआ.
ADVERTISEMENT
दामाद को शराब में जहर देकर मारा
पूरी घटना 22 नवंबर 2025 की है. जितेंद्र को उसकी ससुराल में 'बर्थडे पार्टी' के बहाने बुलाया गया था. घर में जश्न का माहौल था, लेकिन उसी खुशी के बीच मौत का सामान तैयार किया जा रहा था. आरोप है कि पार्टी के दौरान जितेंद्र को शराब पिलाई गई, जिसमें पहले से ही सल्फास (जहर) मिला दिया गया था. शराब पीने के कुछ ही देर बाद जितेंद्र की तबीयत बिगड़ी और अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया.
बिसरा रिपोर्ट ने बदला पूरा केस
शुरुआत में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की असली वजह साफ नहीं हो पाई थी. पुलिस ने पुख्ता सबूतों के लिए बिसरा सुरक्षित रख लिया था. लगभग चार महीने बाद आई एफएसएल (FSL) रिपोर्ट ने सबको चौंका दिया. रिपोर्ट में साफ हुआ कि जितेंद्र के शरीर में सल्फास पाया गया है. रिपोर्ट आते ही पुलिस ने धाराएं बदलीं और जांच की सुई ससुराल वालों की तरफ घूम गई.
पति-पत्नी के बीच काफी समय से थी अनबन!
जांच में पता चला कि जितेंद्र और उसकी पत्नी तनु के बीच काफी समय से अनबन चल रही थी. इसी झगड़े को खत्म करने के लिए ससुर और पत्नी ने जितेंद्र को रास्ते से हटाने का फैसला किया. पुलिस की कड़ी पूछताछ में ससुर महेंद्र ने कबूल किया कि उसने ही शराब में जहर मिलाया था.
डीसीपी सिटी अली अब्बास ने बताया कि ठोस सबूतों के आधार पर आरोपी पत्नी और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. मृतक की मां ने अब इंसाफ की गुहार लगाते हुए दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की है.
ADVERTISEMENT


