दिल्ली के जंतर-मंतर पर क्लाइमेट एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) का आमरण अनशन लगातार जारी है. नीट-यूजी (NEET-UG) पेपर लीक विवाद के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन का समर्थन कर रहे वांगचुक के अनशन का आज 17वां दिन है. दिन-ब-दिन उनकी सेहत बिगड़ती जा रही है, जिसे लेकर विपक्ष और उनके समर्थकों में गहरी चिंता है. इसी बीच, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर सोनम वांगचुक से बेहद भावुक और खास अपील की है.
ADVERTISEMENT
अखिलेश यादव ने की अनशन तोड़ने की अपील
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सोनम वांगचुक से सविनय आग्रह किया कि वे अपना अनशन तुरंत समाप्त कर दें. अखिलेश ने लिखा, "श्री सोनम वांगचुक जी से हमारा अति विनम्र आग्रह और सविनय अपील है कि वह अपना अनशन तोड़ दें. उनका जीवन समस्त विश्व के लिए अनमोल है क्योंकि उनमें मानवता और पर्यावरण के लिए उतनी ही प्रतिबद्धता है जितनी कि लोकतंत्र के लिए."
अखिलेश का तीखा हमला
अखिलेश यादव ने इस दौरान केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला भी बोला. उन्होंने कहा कि जिस सरकार को जगाने के लिए वांगचुक आमरण अनशन पर हैं, वह पूरी तरह से सिद्धांतहीन और संवेदनहीन है. अखिलेश ने निशाना साधते हुए कहा-
- संवेदनहीन तंत्र: "इस सरकार की संवेदनशीलता और हृदय विहीनता में किसी के भी त्याग का कोई महत्व नहीं है. भाजपाइयों से सदाचार और हृदय परिवर्तन की कोई भी अपेक्षा निरर्थक है."
- अहंकार में चूर सत्ता: "भाजपाइयों के लिए किसी के जीवन का कोई मोल नहीं है. उनके लिए धन ही प्रधान है. जिनमें अहंकार होता है, उनमें परिष्कार नहीं होता."
- सत्याग्रह का अपमान: "सत्याग्रह का महत्व वो क्या जानें, जो इसके लालच में मंदिर तक लूट ले रहे हैं."
'मुझसे नहीं, सरकार से पूछिए सवाल' - वांगचुक का सख्त रुख
सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर लगातार चिंताजनक बुलेटिन आ रहे हैं. भूख हड़ताल के चलते उनका ब्लड शुगर स्तर तेजी से गिरा है, मांसपेशियों में गंभीर दर्द है और उनका वजन करीब 8 किलोग्राम तक कम हो गया है. इस बीच, आंदोलन के साथी अभिजीत दीपके ने 17वें दिन का हेल्थ अपडेट जारी करते हुए बताया कि उन्होंने भी वांगचुक से अनशन तोड़ने का अनुरोध किया था. इस पर सोनम वांगचुक ने बेहद ही शालीन लेकिन दृढ़ शब्दों में जवाब दिया:
"मुझसे मेरा अनशन तोड़ने के लिए मत कहिए, बल्कि सरकार से पूछिए कि वे अभी तक हमसे एक बार भी बातचीत करने आगे क्यों नहीं आए हैं."
विपक्ष का मिल रहा भारी समर्थन
सोनम वांगचुक के इस आंदोलन को विपक्ष का लगातार समर्थन मिल रहा है. पिछले दिनों समाजवादी पार्टी के युवा सांसद पुष्पेंद्र सरोज जंतर-मंतर पहुंचे थे और अब सपा सांसद प्रिया सरोज भी वहां पहुंचने वाली हैं. समाजवादी पार्टी ने कहा है कि लोकतंत्र और पर्यावरण की इस जंग में वे हर कदम पर सोनम वांगचुक के साथ खड़े हैं.
ADVERTISEMENT


