समाजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व शर्मा पर जोरदार हमला बोला है. हिमंता बिस्व शर्मा का एक पत्रकार के साथ बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अखिलेश यादव ने उन्हें निशाने पर लिया और 'भाषा ज्ञान' को लेकर तंज कसा.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी चर्चा में है जिसमें असम के सीएम हिमंता बिस्व शर्मा एक पत्रकार के सवाल पर भड़कते हुए नजर आ रहे हैं. 'द लल्लनटॉप' के पत्रकार सिद्धांत मोहन ने जब उनसे उनके चुनावी कैंपेन के दौरान इस्तेमाल की गई कथित 'असंसदीय भाषा' (Unparliamentary Language) को लेकर सवाल पूछा, तो मुख्यमंत्री अपना आपा खो बैठे.
वीडियो में देखा जा सकता है कि पत्रकार के सवाल पूछते ही हिमंता बिस्व शर्मा ने पत्रकार की भाषा पर ही सवाल उठा दिए. उन्होंने पत्रकार से यहाँ तक कह दिया कि उन्होंने कोई अपॉइंटमेंट नहीं लिया है और वह उनसे बात नहीं करना चाहते.
अखिलेश यादव का 'दो टूक' जवाब
इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया हैंडल 'X' (पूर्व में ट्विटर) पर साझा करते हुए अखिलेश यादव ने लिखा, "उल्टा चोर कोतवाल को डांटे... भाजपाई जब दें किसी को भाषा ज्ञान, तो समझो उल्टा गया है आज आसमान." अखिलेश यादव ने इस पोस्ट के जरिए सीधे तौर पर बीजेपी और हिमंता बिस्व शर्मा के रवैये पर सवाल उठाए हैं.
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
मुख्यमंत्री और पत्रकार के बीच हुई इस तीखी बहस का वीडियो वायरल होने के बाद विपक्षी पार्टियां हमलावर हैं. अखिलेश यादव के अलावा अन्य नेताओं ने भी इसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ यानी मीडिया के प्रति सत्ता का अहंकार करार दिया है. वहीं, मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व शर्मा का कहना है कि उन्होंने किसी को प्रेस वार्ता के लिए नहीं बुलाया था और बिना अपॉइंटमेंट के सवाल पूछना गलत है.
ADVERTISEMENT


