रक्षाबंधन पर मुफ्त बस सेवा को लेकर अखिलेश यादव का BJP पर हमला, बोले- 'रावण ने भी बहनों को ऐसा धोखा नहीं दिया'

न्यूज तक डेस्क

• 09:51 AM • 29 Aug 2026

रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा को लेकर अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि कई महिलाओं को बसें नहीं मिलीं, सीटें उपलब्ध नहीं थीं और बसें निर्धारित जगहों पर नहीं रुकीं. अखिलेश ने बीजेपी को रावण से भी बड़ा झूठा बताते हुए सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया.

Akhilesh Yadav
Akhilesh Yadav
Google CTA

UP Politics: रक्षाबंधन के मौके पर उत्तर प्रदेश में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा को लेकर सियासत गरमा गई है. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने मुफ्त बस यात्रा का वादा तो किया लेकिन कई जगह महिलाओं को बसें ही नहीं मिलीं.

Read more!

बस सेवा को लेकर अखिलेश ने शेयर किया वीडियो

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो साझा किया. इसमें प्रयागराज का कीचड़ से भरा बस डिपो नजर आ रहा है. वीडियो में रक्षाबंधन के दिन बसों के लिए परेशान यात्रियों की तस्वीरें भी दिखाई गई हैं.

सपा प्रमुख के मुताबिक, शुक्रवार को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से महिलाओं ने बस सेवा को लेकर शिकायतें कीं. इनमें बस नहीं मिलने, सीट उपलब्ध नहीं होने और निर्धारित स्थानों पर बस नहीं रुकने जैसी शिकायतें शामिल थीं.

27 अगस्त की आधी रात से थी मुफ्त यात्रा

उत्तर प्रदेश सरकार ने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं की यात्रा को आसान बनाने के लिए मुफ्त बस सेवा का ऐलान किया था. यह सुविधा 27 अगस्त की आधी रात से शुक्रवार की आधी रात तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की सभी बसों में लागू की गई थी.

इस योजना के तहत महिलाओं के साथ एक पुरुष यात्री को भी मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की गई थी. सरकार ने संबंधित विभागों को यात्रा व्यवस्था सुचारू और सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए थे.

'रावण ने भी अपनी बहनों को ऐसा धोखा नहीं दिया'

मुफ्त बस सेवा को लेकर सामने आई शिकायतों पर अखिलेश यादव ने बीजेपी पर तीखा हमला किया. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने अपनी बहनों के साथ जिस तरह का व्यवहार किया, वैसा रावण ने भी नहीं किया था.

अखिलेश ने बीजेपी और उसके 'संगी-साथियों' पर निशाना साधते हुए कहा कि वे दशानन से भी बड़े झूठे हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि 10 से ज्यादा मुंह होने के कारण वे 10 गुना ज्यादा झूठ बोलते हैं.

'रावण ने एक बार रूप बदलकर धोखा दिया'

सपा अध्यक्ष ने बीजेपी पर हमला जारी रखते हुए कहा कि रावण ने अपना रूप बदलकर एक बार धोखा दिया था. वहीं, बीजेपी एक ही रूप में रहकर लोगों को लगातार धोखा और ठगी दे रही है.

अखिलेश यादव ने दावा किया कि सरकार की घोषणा और जमीन पर दिखाई दे रही स्थिति में अंतर है. उनके साथ साझा किए गए वीडियो में अलग-अलग जगहों की महिलाओं की सोशल मीडिया शिकायतों को भी शामिल किया गया था.

'मुफ्त यात्रा से बचने के लिए बसें नहीं रोकी गईं'

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि मुफ्त यात्रा की घोषणा के बावजूद कई महिलाओं को बसें नहीं मिल सकीं. उन्होंने दावा किया कि कुछ बसों में सीटें उपलब्ध नहीं थीं, जबकि कुछ बसों के निर्धारित स्थानों पर नहीं रुकने की शिकायतें भी सामने आईं.ससपा प्रमुख ने इसे सरकार के वादे और उसके अमल के बीच का अंतर बताया. उन्होंने मुफ्त बस सेवा को लेकर सरकार की व्यवस्था पर सवाल खड़े किए.

'बीजेपी जाएगी, कभी वापस नहीं आएगी'

अखिलेश यादव ने अपने बयान में बीजेपी पर राजनीतिक हमला भी बोला. उन्होंने कहा कि बीजेपी चाहे कितना भी कीचड़ फैला ले, उसका कमल नहीं खिलेगा. उन्होंने दावा किया कि बीजेपी सत्ता से जाएगी और फिर कभी वापस नहीं आएगी.

'बे-बस बहन' के जरिए साधा निशाना

अखिलेश यादव ने अपने दूसरे X पोस्ट में 'बस' शब्द के साथ राजनीतिक तंज किया. उन्होंने महिलाओं को 'बे-बस बहन' बताते हुए सरकार पर वादा पूरा नहीं करने का आरोप लगाया.

उन्होंने लिखा कि रक्षाबंधन पर मुफ्त बस का वादा किया गया, लेकिन बस ही हटा दी गई. इसी पोस्ट में उन्होंने 'प्राण जाए पर वचन न जाए' वाली कहावत का जिक्र करते हुए बीजेपी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया.