रामपुर जेल में आजम खान से मिले अखिलेश यादव, जानें दोनों के बीच क्या हुई बात?

न्यूज तक डेस्क

• 08:29 PM • 22 Oct 2026

Akhilesh Yadav Azam Khan Meeting: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रामपुर में जेल पहुंचकर आजम खान से मुलाकात की. इसके बाद वह उनके परिवार से भी मिले. अखिलेश ने आजम खान के समर्थन में बयान दिया और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर 403 सीटों पर चर्चा का जिक्र किया. उन्होंने शिक्षा, बेरोजगारी और सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए.

रामपुर जेल में आजम खान से मिले अखिलेश यादव (फाइल फोटो)
रामपुर जेल में आजम खान से मिले अखिलेश यादव (फाइल फोटो)
Google CTA

Akhilesh Yadav Azam Khan Meeting: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार रामपुर पहुंचकर अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से जेल में मुलाकात की. दाेनों की मुलाकात करीब 45 मिनट से 1 घंटे से ज्यादा चली. इस मुलाकात के बाद आजम खान के घर जाकर परिवार से भी मिले. इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि रामपुर के साथ उनकी पार्टी का केवल राजनीतिक ही नहीं, बल्कि एक गहरा भावनात्मक रिश्ता भी है. उन्होंने कहा  ''आजम थे, आजम हैं और आजम रहेंगे.'' सपा मुखिया ने कहा कि फर्जी मुकदमों के जरिए सच्चाई को दबाया नहीं जा सकता और समय बीतने के साथ सभी तथ्य जनता के सामने आ जाएंगे. 

Read more!

403 सीटों पर चर्चा और 2027 का चुनावी दांव

इस बीच जब अखिलेश यादव से आगामी विधानसभा चुनाव और सीटों के तालमेल को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि बातचीत केवल किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं थी, बल्कि प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों को लेकर चर्चा हुई है. आजम खान ने कोई सीट नहीं मांगी, सिर्फ सुझाव दिए. गठबंधन सहयोगियों की सूची पर भी चर्चा हुई. उन्होंने दावा किया कि 2027 के चुनाव में समाजवादी पार्टी और पीडीए  के मुद्दे के साथ जनता के बीच जाएगी और प्रदेश में ऐतिहासिक सरकार बनाएगी.

शिक्षा और संस्थानों की स्थिति पर उठाए सवाल

इसके अलावा अखिलेश यादव ने रामपुर में बने शैक्षणिक संस्थानों का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय को जानबूझकर नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया.अखिलेश ने कहा कि पढ़ाई-लिखाई और इल्म के प्रति वर्तमान सरकार की नीतियां सही नहीं हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े पैमाने पर प्राथमिक स्कूलों को बंद किया गया और विश्वविद्यालयों को नुकसान पहुंचाने की कोशिशें की गईं. उन्होंने वादा किया कि युवाओं के भविष्य को संवारने का काम समाजवादी पार्टी प्राथमिकता के आधार पर करेगी.

प्रशासनिक व्यवस्था और चुनाव आयोग पर निशाना

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि झूठे मुकदमे दर्ज कराने के लिए भ्रष्ट अधिकारियों का सहारा लिया जा रहा है. इसके साथ ही उन्होंने चुनाव प्रक्रिया और निष्पक्षता पर भी गंभीर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि जनता अब सब समझ रही है और सही समय आने पर कानून तथा समाज के सामने ऐसे लोगों को जवाब देना पड़ेगा.

जनहित के मुद्दों और जनसुविधाओं पर घेरा

अखिलेश यादव ने बेरोजगारी, महंगाई और आवारा पशुओं के कारण अस्पतालों व सार्वजनिक स्थलों पर होने वाली समस्याओं का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि सरकार के पास इन मूलभूत समस्याओं का कोई जवाब नहीं है. अखिलेश यादव ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में प्रदेश की जनता इन सभी व्यवस्थाओं का जवाब अपने मताधिकार के माध्यम से देगी.

यह भी पढ़ें: Charchit Chehra: पहले रामचरितमानस और मनुस्मृति पर उठाए थे सवाल, अब यूपी चुनाव से पहले क्यों चर्चा में हैं सपा नेता राजकुमार भाटी?