Akhilesh Yadav Noida Rally: दादरी में अखिलेश यादव का शक्ति प्रदर्शन, जेवर एयरपोर्ट की भीड़ को बताया 'प्रायोजित', बीजेपी पर साधा निशाना

अखिलेश यादव ने दादरी रैली में भारी भीड़ के बीच 2027 के चुनाव का बिगुल फूँका और जेवर एयरपोर्ट कार्यक्रम की भीड़ को 'प्रायोजित' बताते हुए बीजेपी पर सरकारी तंत्र के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि इस बार जनता उत्तर प्रदेश और दिल्ली, दोनों जगह से बीजेपी की विदाई तय कर देगी.

अखिलेश यादव
अखिलेश यादव

सुषमा पांडेय

follow google news

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार, 29 मार्च को गौतम बुद्ध नगर के दादरी से 2027 के विधानसभा चुनावों का शंखनाद कर दिया. दादरी में आयोजित इस विशाल जनसभा में उमड़ी भारी भीड़ को देखकर गदगद अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर तीखा हमला बोला. उन्होंने एक दिन पहले हुए जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन कार्यक्रम में आई भीड़ की तुलना अपनी रैली की भीड़ से करते हुए इसे जनता का असली समर्थन करार दिया.

Read more!

जेवर एयरपोर्ट की भीड़ पर अखिलेश का 'ब्रह्मास्त्र'

संबोधन की शुरुआत में ही अखिलेश यादव ने जेवर एयरपोर्ट के कार्यक्रम पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के कार्यक्रम में लोग खुद नहीं आए थे, बल्कि उन्हें सरकारी मशीनरी और निजी संस्थानों के सहारे लाया गया था. अखिलेश ने दावा किया कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा करने वाली बीजेपी को भीड़ जुटाने के लिए सरकारी कर्मचारियों और कॉलेज के छात्रों का सहारा लेना पड़ा.

गलगोटिया कॉलेज विवाद और 'अवकाश' का दावा

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक स्क्रीनशॉट का हवाला देते हुए एक निजी संस्थान (गलगोटिया कॉलेज) पर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों को रैली में आने के बदले छुट्टी और इनाम का लालच दिया गया था. अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा, "छात्रों को बुलाकर कहा गया कि रैली के बाद आपको लंबी छुट्टी दी जाएगी. इस बार जनता बीजेपी की उत्तर प्रदेश और दिल्ली, दोनों जगह से छुट्टी करने वाली है."

2027 की कुर्सी के लिए पश्चिमी यूपी से हुंकार

सपा प्रमुख ने दादरी की इस रैली को 2027 के चुनाव के लिए एक बड़ा आगाज बताया. उन्होंने कहा कि पहले पश्चिम से हवा चलती थी, लेकिन अब यहाँ से 'गर्दा' उड़ेगा जो पूर्वांचल में बवंडर बनकर बीजेपी का सफाया कर देगा. रैली में उन्होंने मिहिर भोज और गुर्जर समाज को लेकर भी बड़े वादे किए, जिससे स्पष्ट है कि सपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जातीय समीकरणों को साधने की पूरी कोशिश में है.

नहले पर दहला: बीजेपी बनाम सपा

बता दें कि अखिलेश यादव का यह कार्यक्रम पहले से तय था, लेकिन बीजेपी ने इसके ठीक एक दिन पहले जेवर एयरपोर्ट के प्रथम चरण का उद्घाटन कर अपनी ताकत दिखाई थी. जहाँ बीजेपी इसे एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बताकर अपनी बड़ी उपलब्धि गिना रही है, वहीं अखिलेश यादव ने इसे 'फरेब की भीड़' बताकर चुनावी माहौल को पूरी तरह गरमा दिया है.

 

    follow google news