उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर खींचतान जारी है. दोनों दलों के नेताओं की ओर से लगातार बयान सामने आ रहे हैं. इंडिया गठबंधन में भी सीटों के बंटवारे को लेकर अभी सहमति नहीं बन सकी है. इसी बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गठबंधन के सहयोगियों को एक बड़ा संदेश दिया है.
ADVERTISEMENT
अखिलेश यादव ने कहा कि गठबंधन में किस पार्टी को कितनी सीटें मिलती हैं या कौन सी सीट किसके हिस्से में जाती है, यह सबसे बड़ा मुद्दा नहीं है. उनके मुताबिक सबसे जरूरी बात गठबंधन की जीत सुनिश्चित करना है.
सोशल मीडिया पर लिखा पोस्ट
सपा प्रमुख ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, 'मकसद जब साफ हो तो हाथ-में-हाथ होता है, निगाह मंजिल पर हो तो सफर आसान होता है.' उन्होंने सीट शेयरिंग को लेकर चल रही चर्चा पर कहा कि असली सवाल यह नहीं है कि गठबंधन में कितनी सीटें मिलेंगी या कौन सी सीट किसके पास जाएगी. उन्होंने कहा कि सभी को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि जीत गठबंधन की हो. अखिलेश यादव ने अपनी बात दोहराते हुए लिखा, 'फिर दोहराते हैं: बात सीट की नहीं जीत की है.'
गठबंधन की जीत को बताया बड़ी लड़ाई
अखिलेश यादव ने गठबंधन की संभावित जीत को उसके अलग-अलग दलों से आगे की सामूहिक लड़ाई बताया. उन्होंने कहा कि यह उन सभी लोगों की संयुक्त कोशिश की जीत होगी, जो लगातार संघर्ष कर रहे हैं. सपा अध्यक्ष ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह संघर्ष सांप्रदायिकता को दोबारा सिर उठाने से रोकने के लिए है. उन्होंने लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण पर 'भाजपाई आंच' नहीं आने देने की बात भी कही.
अखिलेश के बयान पर बीजेपी का पलटवार
अखिलेश यादव के बयान पर बीजेपी ने भी पलटवार किया है. बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर निशाना साधते हुए इसे 'गठबंधन' की जगह 'लठबंधन' बताया. राकेश त्रिपाठी ने कहा कि सपा और कांग्रेस के नेता एक-दूसरे पर शब्दों के बाण चला रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि दोनों दलों के बीच स्थिति इतनी खराब है कि उनके बीच बातचीत तक नहीं हो रही है.
बीजेपी प्रवक्ता ने अखिलेश यादव के सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अब सोशल मीडिया के जरिए गठबंधन के सहयोगियों को नसीहत दे रहे हैं. राकेश त्रिपाठी ने कहा कि सपा के नेता कांग्रेस को और कांग्रेस के नेता सपा को उसकी हैसियत बता रहे हैं. उन्होंने दोनों दलों पर अहंकार की राजनीति करने का आरोप लगाया.
ADVERTISEMENT


