उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक साधारण से चाय वाले की दुकान इन दिनों राजनीति का अखाड़ा बन गई है. करीब दो महीने पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जिस दुकान पर रुककर चाय पी थी, अब वहां फूड सेफ्टी विभाग की छापेमारी और दुकानदार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. इस घटनाक्रम के बाद अखिलेश यादव ने योगी सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
फतेहपुर के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के चौकी चौराहे पर स्थित 'शेषमन फेमस चाय वाले' के मालिक आर्यन यादव ने आरोप लगाया है कि जब से अखिलेश यादव उनकी दुकान पर आए हैं, उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं. आर्यन का दावा है कि पहले फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने उनकी दुकान पर छापा मारा और अब कुछ दबंगों ने दुकान में घुसकर उनके और उनके परिवार के साथ मारपीट की है.
फूड सेफ्टी विभाग की छापेमारी
फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारियों ने दुकान पर पहुंचकर साफ-सफाई और चाय में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की जांच की. टीम ने चाय पत्ती का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है. अधिकारियों ने एल्युमीनियम के बर्तनों के इस्तेमाल पर भी आपत्ति जताई और दुकान सील करने की चेतावनी दी. हालांकि, विभाग का कहना है कि यह छापेमारी एक आईजीआरएस (IGRS) शिकायत के आधार पर की गई थी और इसका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है.
अखिलेश यादव का 'X' पर तीखा प्रहार
दुकानदार की परेशानी देख अखिलेश यादव भड़क गए. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक लंबा पोस्ट लिखकर सरकार को घेरा. अखिलेश ने लिखा, "भाजपा किसी को नौकरी तो देती नहीं, बल्कि जो अपनी मेहनत से खड़ा होना चाहता है, उसे इसलिए धमकाती है क्योंकि हम जैसे लोग उनके पास चले जाते हैं."
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शुक्र है विभाग ने यह नहीं कहा कि लाल सिलेंडर पर चाय बनाते हो. अखिलेश ने घोषणा की कि अब प्रदेश के चाय बेचने वाले 'PDA' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) से जुड़कर एक नई श्रेणी बनाएंगे, जिसका नाम होगा 'PDA Tea'.
दबंगों ने की मारपीट और लूटपाट
आर्यन यादव का आरोप है कि शुक्रवार को कुछ दबंगों ने दुकान में घुसकर उनके पिता और बहन के साथ मारपीट की. आर्यन के मुताबिक, हमलावरों ने कहा कि "तुमने अखिलेश यादव को चाय पिलाई है, हम तुम्हें गोली मार देंगे." हमलावरों ने गुल्लक से करीब 7000 रुपये भी लूट लिए. पुलिस ने इस मामले में 17 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.
ADVERTISEMENT


