8 दिन बाद बजनी थी शहनाई, लेकिन तिरंगे में लिपटकर घर पहुंचा दूल्हा, ऐसा क्या हुआ कि घर में छा गया मातम?
ADVERTISEMENT
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक ऐसा दर्दनाक मंजर देखने को मिला, जहां कुछ दिन बाद घर में शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां मातम पसरा हुआ है. छर्रा क्षेत्र के सिरसा गांव के रहने वाले सेना के जवान करन चौधरी का पार्थिव शरीर मंगलवार रात तिरंगे में लिपटकर घर पहुंचा. करन की शादी 24 नवंबर को होनी थी. परिवार ने बेटे की मौत की परिस्थितियां स्पष्ट करने और उसे शहीद का दर्जा देने की मांग उठाई. करीब दो घंटे तक अधिकारियों से बातचीत के बाद परिवार अंतिम संस्कार के लिए राजी हुआ.
मंगलवार रात करीब 9 बजकर 20 मिनट पर करन का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया. इस दौरान करीब पांच हजार लोग मौजूद रहे. सेना के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम सलामी दी. इसके बाद पिता पप्पू सिंह ने कांपते हाथों से बेटे को मुखाग्नि दी.
लिखित आश्वासन के बाद अंतिम संस्कार के लिए राजी हुआ परिवार
करन का पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों ने शहीद का दर्जा देने की मांग शुरू कर दी. परिवार ने मौत की परिस्थितियों को लेकर भी सवाल उठाए. परिजनों ने मांग पूरी होने तक शव लेने से इनकार कर दिया. इसके बाद सेना और प्रशासन के अधिकारियों ने परिवार से बातचीत की. करीब दो घंटे तक चली इस बातचीत में जिला सैनिक अधिकारी कर्नल अजय सिंह राना ने बताया कि करन को शहीद का दर्जा देने पर फैसला कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी की रिपोर्ट आने के बाद ही होगा. अधिकारियों की ओर से लिखित आश्वासन मिलने के बाद परिवार अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुआ.
24 नवंबर को होनी थी करन की शादी
करन चौधरी साल 2020 में सेना में भर्ती हुए थे. उनकी शादी 24 नवंबर को कल्पना के साथ तय हुई थी. घर में शादी की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं. रिश्तेदारों को शादी के कार्ड बांटे जा चुके थे. परिवार ने गहनों और कपड़ों की खरीदारी भी कर ली थी. मैरिज होम और हलवाई की बुकिंग तक हो चुकी थी. करन ने 4 नवंबर को परिवार से फोन पर बातचीत की थी. इस दौरान उन्होंने बताया था कि वह 16 नवंबर को श्रीनगर से दिल्ली पहुंचेंगे. दिल्ली में शादी का बाकी सामान खरीदने के साथ ही खुद रिश्तेदारों को कार्ड बांटने की बात भी कही थी. लेकिन शादी की तैयारियों के बीच परिवार को उनकी मौत की खबर मिल गई.
सिर और माथे पर लगी थीं दो गोलियां
करन जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में तैनात थे. सामने आई जानकारी के मुताबिक, उनके सिर और माथे पर दो गोलियां लगी थीं. हालांकि, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका आधिकारिक खुलासा कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी की रिपोर्ट आने के बाद ही होगा. अंतिम संस्कार के दौरान अलीगढ़ के सांसद सतीश गौतम समेत कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे. बड़ी संख्या में ग्रामीण भी अपने जवान को अंतिम विदाई देने पहुंचे.
जिस घर में कुछ दिनों बाद शादी के मंगलगीत गूंजने थे, वहां अब मां जयबाला की चीखें सुनाई दे रही हैं. बहन मंजू का रो-रोकर बुरा हाल है. करन ने परिवार से घर लौटकर शादी की तैयारियों में शामिल होने का वादा किया था, लेकिन उनका यह सपना अधूरा रह गया. परिवार के लिए अब शादी की खुशियों की जगह बेटे को खोने का गम रह गया है.
ADVERTISEMENT


