उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक महापंचायत के दौरान उठी चिंगारी ने ऐसा तूल पकड़ा कि सड़क पर खुलेआम मारपीट की नौबत आ गई. मामला सिविल लाइन इलाके का है, जहां क्षत्रिय युवा करणी सेना के जिलाध्यक्ष सचिन राघव को उग्र भीड़ ने घेरकर पीट दिया. इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
विवादित बयान बना फसाद की जड़
दरअसल, पूरा विवाद यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (UGC) के विरोध में बुलाई गई एक सवर्ण महापंचायत से शुरू हुआ. इस पंचायत में सचिन राघव भी मौजूद थे. कार्यक्रम के दौरान किसी शख्स ने जाटव और वाल्मीकि समाज को लेकर एक बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी. इस बयान की खबर जैसे ही फैली, लोगों का गुस्सा भड़क उठा.
इसके बाद जब सचिन राघव सिविल लाइन क्षेत्र से गुजर रहे थे, तो आक्रोशित भीड़ ने उन्हें घेर लिया. देखते ही देखते माहौल बिगड़ गया और लोगों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी.
सड़क से पार्क तक हंगामा, लगवाए नारे
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह भीड़ सचिन को दौड़ा-दौड़ाकर थप्पड़ और बेल्ट से मार रही है. इस दौरान सचिन हाथ जोड़कर लगातार माफी मांगते नजर आ रहे हैं, हालांकि बीच-बचाव करने की कोशिश भी कुछ लोगों ने की.
हंगामा यहीं नहीं थमा, हमलावर उन्हें खींचते हुए पास के अंबेडकर पार्क ले गए. वहां 'जय भीम' के नारों के बीच सचिन से वाल्मीकि समाज और डॉ. बी.आर. अंबेडकर के सम्मान में नारे लगवाए गए.
पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई है. क्षेत्राधिकारी (सीओ) सर्वम सिंह ने बताया कि दो लोगों के साथ मारपीट की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है.
पुलिस अब घटना के सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. अधिकारियों का साफ कहना है कि कानून-व्यवस्था हाथ में लेने वाले उपद्रवियों को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: प्रयागराज: सपा नेता पवन यादव मर्डर केस में बड़ा एक्शन, मास्टरमाइंड समेत 4 गिरफ्तार, सामने आई पुरानी रंजिश की कहानी
ADVERTISEMENT


