उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक मामूली गलतफहमी ने सड़क को जंग के मैदान में तब्दील कर दिया. प्यार, शक और बेकाबू गुस्से की इस कहानी में एक प्रेमी को अपनी प्रेमिका के ममेरे भाई को दूसरा प्रेमी समझना बहुत भारी पड़ गया. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. जानिए क्या है इस मामले की पूरी कहानी और फिर क्या कुछ कार्रवाई हुई.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
मामला संग्रामपुर थाना क्षेत्र के मिश्रौली चौराहे का है. हटकीला गांव की रहने वाली एक लड़की अपने मामा के घर बदलापुर आई हुई थी. वह अपने ममेरे भाई के साथ बाइक पर बैठकर बाजार जा रही थी. इसी दौरान उसका प्रेमी वहां पहुंच गया. उसने लड़की के साथ बाइक पर बैठे उसके भाई को उसका 'दूसरा प्रेमी' समझ लिया और बिना कुछ पूछे उसे एक जोरदार थप्पड़ जड़ दिया.
थप्पड़ के बाद लाठी-डंडे
जैसे ही ममेरे भाई के परिजनों को इस थप्पड़ की खबर मिली, वे मौके पर पहुंच गए. फिर क्या था, गुस्से में भरे परिजनों ने प्रेमी को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया. इस मारपीट में बीच-बचाव करने आई प्रेमिका भी भीड़ के गुस्से का शिकार हो गई और उसे भी चोटें आई हैं.
पुलिस की कार्रवाई
चौराहे पर मचे इस संग्राम का वीडियो आसपास के लोगों ने बना लिया, जो अब वायरल है. थाना प्रभारी संजय सिंह के अनुसार, मामला पुलिस के संज्ञान में है और जांच की जा रही है. हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.
शक ने बिगाड़ा खेल
यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि कैसे बिना सच्चाई जाने उठाया गया कदम बड़ी मुसीबत बन सकता है. फिलहाल घायल प्रेमी और प्रेमिका का उपचार किया जा रहा है, लेकिन क्षेत्र में इस 'प्रेम युद्ध' की चर्चा जोरों पर है.
ADVERTISEMENT


