Ankit Balyan murder : 'अंकित...सबका नंबर आएगा' कौन है गोगी गैंग जिसने हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या की ली जिम्मेदारी

शरद मलिक

• 12:18 PM • 27 Aug 2026

Ankit Balyan Murder: उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है. सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए गोगी गैंग ने हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है. पोस्ट में अंकित पर गैंग के दुश्मनों का साथ देने और गोगी से जुड़ी घटना पर गाना बनाने का आरोप लगाया गया है. जानिए कौन है गोगी गैंग, कैसे हुई अंकित बालियान की हत्या और क्या है पूरा विवाद.

Ankit Balyan Murder Case
Ankit Balyan Murder Case
Google CTA

उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है. सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए गोगी गैंग ने इसकी जिम्मेदारी लेने का दावा किया है. ये पोस्ट कथित रूप से भोलू सहापुरिया के इंस्टाग्राम अकाउंट से किया गया है. बताया जा रहा है कि सहापुरिया गोगी गैंग से जुड़ा है. पोस्ट के जरिए अंकित की हत्या की वजह भी बताई गई है. साथ धमकी भरे अंदाज में लिखा गया है- "ये अभी शुरुआत है, सबका नंबर आएगा."

Read more!

सोशल पोस्ट के जरिए इस हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए कहा गया है- "अंकित हमारे दुश्मनों का साथ देता था और उसने गोगी भाई से जुड़ी एक घटना पर गाना बनाया था और हमारे दुश्मनों का आपराधिक कामों में साथ देता था." यही नहीं चेतावनी भरे अंदाज में ये भी कहा गया है कि दुश्मनों का साथ देने वाले सबका नंबर आएगा. ध्यान देने वाली बात है कि बुधवार 26 अगस्त को अंकित बालियान की सदर कोतवाली क्षेत्र के नालापटरी आर्यपुरी में सरेआम गोलियां मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद परिजनों ने विरोध में जाम लगाया था, जिसे पुलिस के आश्वासन के बाद खोल दिया गया. 

क्या है पूरा मामला ? 

बुधवार 26 अगस्त के शाम को जैसे ही हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान जिम से बाहर निकले तो पहले से घात लगाए 4 हमलावरों ने उनपर ताबडतोड़ गोलियां चला दी. चश्मदीदों के मुताबिक, जिम के बाहर निकलकर अंकित अपने स्कॉर्पियो में बैठने लगे, तभी बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. अंकित अपनी जान बचाने के लिए अंदर गाड़ी में घुस गए. फिर हमलावरों ने गाड़ी का गेट खोला और ताबड़तोड़ गोलियां चला दी. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर पैदल ही मौके से फरार हो गए. मिली जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने 18 राउंड फायरिंग की जिसमें अंकित के सिर और पेट में 5 गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. अब इस मामले की गोगी गैंग ने जिम्मेदारी ले ली है.

कौन हैं गोगी गैंग?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोगी गैंग दिल्ली और हरियाणा का एक कुख्यात आपराधिक गैंग है. इस गैंग की स्थापना जितेंद्र मान उर्फ गोगी ने की थी, जिसे की दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में 24 सितंबर 2021 को टिल्लू ताजपुरिया गैंग ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. इसके बाद गैंग के अंदर दुश्मनी बढ़ गई और आलम ऐसा हुआ कि जितेंद्र गोगी के मौत से गुस्साए गुर्गों ने तिहाड़ जेल के अंदर ही टिल्लू ताजपुरिया की हत्या कर दी. कहा जाता है कि जितेंद्र के बाद इस गैंग की कमान दिनेश कराला संभाल रहा है, हालांकि वह फिलहाल जेल में बंद है. बताया जाता है कि, यह गैंग दिल्ली-NCR और आसापास के इलाकों में रंगदारी, टारगेट किलिंग जैसे गंभीर वारदातों को अंजाम देता है.

अंकित बालियान और गोगी गैंग की दुश्मनी

अंकित बालियान की मौत की जिम्मेदारी लेते पोस्ट में साफ लिखा गया है कि वह उनके दुश्मनों का साथ देता था और साथ ही उसने गोगी की मौत के बाद एक गाना भी बनाया था. माना जा रहा है कि इस हत्या के पीछे अंकित का 'कोर्ट में गोली' गाना हो सकता है. दरअसल, जितेंद्र मान उर्फ गोगी की साल 2021 में हत्या के बाद लगभग एक साल पहले अंकित बालियान का यह गाना रिलीज हुआ था. इस गाने के बोल थे- 'भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान'. इस गाने की वजह से अंकित की खूब चर्चा हुई थी. 

कौन हैं अंकित बालियान?

अंकित बालियान एक फेमस हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर है. हालांकि अंकित का जन्म उत्तर प्रदेश के शामली जिले में हुआ है, लेकिन पिछले काफी समय से वे हरियाणा के पानीपत में रहते थे. बताया जा रहा है कि अंकित शामली जिला से पंचायत चुनाव की तैयारी भी कर रहे थे. उनकी मौत के बाद अब परिजनों की मांग की है कि जिस तरह हमारे बेटे को मारा गया है, हमलावरों का भी उसी तरह एनकाउंटर होना चाहिए. फिलहाल पुलिस मामले का जांच कर रही है और हर पहलु से जांच कर रही है.

शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान पर जिम से निकलते ही भंयकर फायरिंग, हिल गया पूरा पश्चिमी यूपी!