Atiq Ahmed Son Aban Ahmed Car Accident Video: प्रयागराज के माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी. इस बीच अब दावा किया जा रहा है कि झांसी हाईवे पर हुए इस भीषण हादसे का एक लाइव वीडियो सामने आया है. यह भी वीडियो दूसरी गाड़ी के डैशकैम में रिकॉर्ड हुआ है. इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे एक तेज रफ्तार कार ओवरटेक करने के चक्कर में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा जाती है.
ADVERTISEMENT
झांसी जेल में बड़े भाई अली से मिलने जा रहा था अबान
जानकारी के मुताबिक, 6 अगस्त को अबान अहमद अपने दोस्तों और साथियों के साथ प्रयागराज से झांसी जा रहा था. वह झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मुलाकात करने जा रहा था. हालांकि, झांसी हाईवे पर ही उनकी कार भीषण हादसे का शिकार हो गई, जिससे कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
डैशकैम में कैद हुआ खौफनाक मंजर
अब सामने आए इस वीडियो में हाईवे पर चलती एक सफेद रंग की कार दिखाई दे रही है. दावा किया जा रहा है कि यह वही कार है जिसमें अबान अहमद सवार था. वीडियो में दिखता है कि तेज रफ्तार में दौड़ रही यह कार अपने बगल की गाड़ी को ओवरटेक करते हुए लेन बदलती है. जैसे ही गाड़ी लेफ्ट साइड की ओर मुड़ती है, वो अचानक बेकाबू होकर सीधे हाईवे के डिवाइडर से जा टकराती है.
हादसे में 2 की मौत, ड्राइवर दिल्ली रेफर
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया और गाड़ी हवा में उछल गई. हालांकि हादसे के दौरान एयरबैग भी खुल गए थे, लेकिन टक्कर का प्रभाव इतना तेज था कि अतीक के बेटे अबान अहमद और उसके साथी राजू की जान नहीं बचाई जा सकी. इस दुर्घटना में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायल ड्राइवर जैद की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे दिल्ली के सैनिक अस्पताल में रेफर कर दिया गया है.
जांच में जुटी झांसी पुलिस
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस लाइव वीडियो को लेकर झांसी पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. पुलिस वायरल फुटेज और दुर्घटनाग्रस्त कार के मॉडल व नंबर का मिलान कर रही है ताकि वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि की जा सके.
ADVERTISEMENT


