Atul Pradhan Vs Sangeet Som: पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सबसे चर्चित और हॉट सीटों में से एक मेरठ की सरधना विधानसभा सीट पर आगामी चुनाव को लेकर सियासी गर्माहट अभी से बढ़ने लगी है. सरधना की राजनीति की बात होते ही दो प्रमुख नाम-सपा के मौजूदा विधायक अतुल प्रधान और बीजेपी के पूर्व विधायक संगीत सोम-चर्चा के केंद्र में आ जाते हैं. 2022 के विधानसभा चुनाव में अतुल प्रधान ने दो बार के बीजेपी विधायक संगीत सोम को हराकर बड़ा उलटफेर किया था.
ADVERTISEMENT
बीजेपी के अंदरूनी समीकरण और चुनौतियां
2022 की हार के बाद संगीत सोम के लिए आगे की राह आसान नहीं दिख रही है. 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान पूर्व सांसद संजीव बालियान और संगीत सोम के बीच उभरी अंदरूनी खींचतान और आरोपों-प्रत्यारोपों ने पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी को उजागर कर दिया था. इसके अलावा, राष्ट्रीय लोकदल (RLD) और बीजेपी के गठबंधन को लेकर भी संगीत सोम की असहजता चर्चा में रही है.
बीजेपी की रणनीति पर गौर करें तो मध्य प्रदेश में नरोत्तम मिश्रा जैसे कद्दावर नेताओं के टिकट काटे जाने के उदाहरण मौजूद हैं. ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि क्या पार्टी संगीत सोम को ही मैदान में उतारेगी या किसी नए चेहरे पर दांव खेलेगी. हालांकि, स्थानीय जातीय समीकरण और फायरब्रांड छवि के कारण संगीत सोम की दावेदारी अभी भी मजबूत मानी जा रही है.
संगीत सोम के अलावा बीजेपी में पूर्व विधायक रविंद्र पुंडीर के पुत्र, राज्यसभा सांसद रहे विजयपाल सिंह तोमर का गुट और ठाकुर प्रीतिश जैसे कई अन्य दावेदार भी टिकट की रेस में सक्रिय हैं.
ADVERTISEMENT


