अयोध्या के स्कूलों में बाहरी लोगों की एंट्री बंद, जानिए क्या है नया आदेश

मयंक शुक्ला

• 10:30 AM • 20 Aug 2026

अयोध्या के परिषदीय विद्यालयों में बिना अनुमति बाहरी लोगों, यूट्यूबर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की एंट्री पर रोक लगा दी गई है. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने फोटो और वीडियो बनाने पर भी प्रतिबंध लगाया है.

ayodhya
ayodhya
Google CTA

उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के परिषदीय विद्यालयों में अब बिना अनुमति किसी भी बाहरी व्यक्ति की एंट्री नहीं होगी. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लालचंद ने इस संबंध में आदेश जारी किया है. आदेश में यूट्यूबर्स, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और अन्य बाहरी लोगों के स्कूल परिसर में प्रवेश पर रोक लगाई गई है.

Read more!

इसके साथ ही स्कूल में बिना अनुमति फोटो और वीडियो बनाने पर भी प्रतिबंध रहेगा. विभाग ने सभी परिषदीय विद्यालयों को आदेश का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं.

बिना अनुमति स्कूल में नहीं मिलेगी एंट्री

आदेश के अनुसार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी या सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना कोई बाहरी व्यक्ति किसी परिषदीय विद्यालय में प्रवेश नहीं कर सकेगा. इसमें यूट्यूबर और सोशल मीडिया से जुड़े लोग भी शामिल हैं.

स्कूल परिसर में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के लिए भी पहले अनुमति लेना जरूरी होगा. बिना अनुमति पहुंचने वाले लोगों के खिलाफ विभागीय स्तर पर सख्ती की जाएगी.

स्कूल में वीडियो बनाने से पढ़ाई प्रभावित होने का तर्क

बेसिक शिक्षा विभाग का कहना है कि कुछ बाहरी लोग बिना अनुमति स्कूलों में पहुंचकर शिक्षकों और विद्यालय की फोटो-वीडियो बनाते हैं. बाद में इन तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा किया जाता है.

विभाग के मुताबिक, इससे स्कूलों में चल रहे पठन-पाठन पर असर पड़ता है. साथ ही शिक्षक पद की गरिमा प्रभावित होने और विभाग की छवि खराब होने की आशंका रहती है.

स्कूलों की जांच के लिए अधिकारी पहले से तैनात

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि परिषदीय विद्यालयों के निरीक्षण के लिए शासन और प्रशासन की ओर से पहले से अधिकारी नामित हैं. ये अधिकारी समय-समय पर स्कूलों का निरीक्षण करते हैं.

निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों के आधार पर नियमों के अनुसार कार्रवाई भी की जाती है. ऐसे में विभाग का कहना है कि विद्यालयों की व्यवस्थाओं की जांच के लिए निर्धारित व्यवस्था पहले से मौजूद है.

आदेश तत्काल प्रभाव से लागू

बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा है कि स्कूलों में पढ़ाई सुचारू रूप से चलाने और शिक्षक पद की गरिमा बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया गया है.

अब अयोध्या के सभी परिषदीय विद्यालयों में बिना अनुमति बाहरी लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. यूट्यूबर्स और सोशल मीडिया से जुड़े लोग भी सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना स्कूल परिसर में फोटो या वीडियो नहीं बना सकेंगे. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है.

Shesh Bharat: अमित शाह के सामने दक्षिण के 4 CM! महाबलीपुरम में बनेगा नया सियासी समीकरण