भारत-नेपाल के बीच नई रेल सेवा शुरू, अयोध्या से जनकपुर तक दौड़ेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस, जानिए पूरा रूट और टाइमिंग

अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच 23 नवंबर से राम-जानकी रेल सेवा शुरू हो रही है. सरयू-कमला एक्सप्रेस 604 किलोमीटर की दूरी करीब 19 घंटे में तय करेगी. 17 कोच वाली इस ट्रेन के रास्ते में 10 स्टॉपेज होंगे. आम यात्री 28 नवंबर से इसमें सफर कर सकेंगे.

ayodhya janakpur train
ayodhya janakpur train
Google CTA

अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है.  दोनों धार्मिक शहरों के बीच सोमवार, 23 नवंबर से राम-जानकी रेल सेवा की शुरुआत होने जा रही है. इस ट्रेन के चलने से भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर सीधे रेल मार्ग से जुड़ जाएंगे. यात्री करीब 604 किलोमीटर का सफर लगभग 19 घंटे में पूरा कर सकेंगे. जनकपुर नेपाल के मधेश प्रदेश के धनुषा जिले में स्थित एक प्रमुख धार्मिक शहर है, जिसे माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है.

Read more!

इस रेल सेवा का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह वर्चुअली करेंगे. दोनों नेता दिल्ली से सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. वहीं, अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर होने वाले उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे.

खास बात यह है कि नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह इन दिनों दो दिवसीय भारत दौरे पर दिल्ली में हैं. प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा है. विदेश यात्रा के लिए उन्होंने सबसे पहले भारत को चुना है.

सरयू-कमला एक्सप्रेस से जुड़ेंगे अयोध्या और जनकपुर

अयोध्या से जनकपुर के बीच चलने वाली इस ट्रेन का नाम सरयू-कमला एक्सप्रेस रखा गया है. इसके जरिए दोनों धार्मिक स्थलों के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी. यात्रियों को रास्ते में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं होगी.

अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम तक करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करने में ट्रेन को लगभग 19 घंटे लगेंगे. इस सेवा से दोनों देशों के धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूती मिलने की उम्मीद है. साथ ही रामायण सर्किट से जुड़े पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है.

28 नवंबर से आम यात्रियों के लिए शुरू होगी सेवा

23 नवंबर को उद्घाटन के बाद आम यात्री 28 नवंबर से इस ट्रेन में सफर कर सकेंगे. यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन दोनों दिशाओं में चलेगी. सरयू-कमला एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार को अयोध्या कैंट से जनकपुर के लिए रवाना होगी. वहीं, जनकपुर धाम से अयोध्या के लिए यह ट्रेन हर शनिवार को चलेगी.

ट्रेन का टाइम टेबल और नंबर जान लीजिए

अयोध्या से जनकपुर जाने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का ट्रेन नंबर 15596 है. यह ट्रेन अयोध्या कैंट से शाम 5:50 बजे रवाना होगी. वहीं, जनकपुर से अयोध्या आने वाली ट्रेन का नंबर 15595 है. यह ट्रेन नेपाली समय के अनुसार दोपहर 1:10 बजे जनकपुर धाम से चलेगी. इस ट्रेन में कुल 17 कोच होंगे. 604 किलोमीटर के सफर के दौरान इसके 10 स्टॉपेज निर्धारित किए गए हैं.

रास्ते में इन 10 स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन

अयोध्या-जनकपुर सरयू-कमला एक्सप्रेस के रास्ते में 10 स्टेशन होंगे. इनमें जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम शामिल हैं. इस रेल सेवा से अयोध्या और जनकपुर के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को सीधा विकल्प मिलेगा. खासकर धार्मिक यात्रा करने वाले लोगों के लिए यह ट्रेन उपयोगी साबित हो सकती है.