बागपत: घर काम पर निकला था कपिल, रास्ते में पड़ोसी जोगिंदर ने कर दी हत्या, अब सामने आई 7 दिन पुराने विवाद की कहानी

मनुदेव उपाध्याय

• 12:19 PM • 15 Nov 2026

Baghpat Murder Case: बागपत में दिवाली पर पटाखे जलाने को लेकर दो पड़ोसियों के बीच विवाद हुआ था. गांव के लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया. लेकिन आरोप है कि सात दिन बाद इसी रंजिश में कपिल की हत्या कर दी गई. उसका शव गांव के तालाब में मिला. आखिर उस दिन क्या हुआ था?

पटाखे जलाने को लेकर दो पड़ोसियों के बीच विवाद हुआ था
पटाखे जलाने को लेकर दो पड़ोसियों के बीच विवाद हुआ था
Google CTA

Baghpat Murder Case: आमतौर पर लोग जब घर से काम पर निकलते हैं, तो परिवार को शाम तक उनके लौटने का इंतजार रहता है. बागपत के रहने वाले कपिल के परिवार को भी यही उम्मीद थी कि वह रोज की तरह मजदूरी करने जाएगा और शाम को घर लौट आएगा. लेकिन उस दिन कपिल घर से निकला तो फिर कभी वापस नहीं लौटा. परिवार उसकी राह देखता रह गया. बाद में उसका शव गांव के तालाब में मिला. आरोप है कि पड़ोसी ने पुरानी रंजिश के चलते चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी. आखिर दोनों के बीच ऐसा क्या विवाद था, जो इस वारदात की वजह बन गया? आइए जानते हैं पूरा मामला.

Read more!

दिवाली पर पटाखे जलाने को लेकर हुआ था विवाद

हत्या की यह वारदात बागपत शहर कोतवाली क्षेत्र के सरूरपुर कला गांव की है. यहां कपिल अपने परिवार के साथ रहता था. परिजनों के मुताबिक, दिवाली की रात पटाखे जलाने को लेकर कपिल और उसके पड़ोसी जोगिंदर के बीच कहासुनी हो गई थी. दोनों के मकान आमने-सामने हैं. परिजनों का आरोप है कि दिवाली वाले दिन हुए विवाद में जोगिंदर ने कपिल पर तमंचे की बट से हमला किया था. इससे कपिल घायल हो गया था. मामला बढ़ने पर गांव के गणमान्य लोगों ने दोनों पक्षों को बैठाकर समझौता करा दिया था. परिवार को लगा कि विवाद खत्म हो गया है. लेकिन आरोप है कि जोगिंदर के मन में पुरानी रंजिश बनी हुई थी.

सात दिन बाद मजदूरी पर जाते समय घेरकर की हत्या

परिजनों के मुताबिक, दिवाली के विवाद के करीब सात दिन बाद कपिल मजदूरी करने के लिए घर से निकला था. इसी दौरान जोगिंदर ने उसे रास्ते में घेर लिया. पहले उसके साथ मारपीट की गई. फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी गई. आरोप है कि हत्या के बाद शव को गांव के तालाब में फेंक दिया गया. इस मामले में मृतक के परिवार ने एक और गंभीर आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि वारदात के समय जोगिंदर की पत्नी भी मौके पर मौजूद थी. आरोप है कि वह अपने पति को कपिल पर चाकू से हमला करते देखती रही. इतना ही नहीं, हत्या के बाद शव को तालाब में फेंकने के दौरान भी वह वहीं खड़ी थी. हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

यह पढ़ें: बागपत: राष्ट्रपति भवन से छुट्टी पर आए जवान को बदमाशों ने मारी गोली! दिवाली पर पटाखे जलाने को लेकर हुआ था विवाद

तालाब में कचरा डालने पहुंचा भाई, पानी में दिखा पैर

कपिल के लापता होने के बाद परिवार को किसी अनहोनी की आशंका नहीं थी. इस बीच उसका भाई तालाब में कचरा डालने पहुंचा. तभी उसकी नजर पानी में दिखाई दे रहे एक पैर पर पड़ी. यह देखकर उसे शक हुआ. उसने आसपास के लोगों को बुलाया. जांच करने पर तालाब में एक युवक का शव मिला. बाहर निकालने पर उसकी पहचान कपिल के रूप में हुई. घटना की सूचना मिलते ही बागपत कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. सीओ सदर डॉ. सुकन्या शर्मा के मुताबिक, सरूरपुर कला गांव में युवक की हत्या की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि कपिल की उसके पड़ोसी छोटू उर्फ जोगिंदर ने चाकू से वार कर हत्या की है. पुलिस ने शव को तालाब से निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

जोगिंदर के खिलाफ मुकदमा दर्ज, जांच जारी

सीओ सदर के मुताबिक, परिजनों की शिकायत के आधार पर जोगिंदर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. वहीं, कपिल की हत्या के बाद परिवार में मातम है. जिस विवाद को गांव के लोगों ने समझौता कराकर खत्म कराने की कोशिश की थी, उसी से जुड़ी रंजिश में हत्या किए जाने का आरोप है.

यह भी पढ़ें: प्रयागराज: पहले हुई कहासुनी, फिर गुस्से में पत्नी ने कर दी पति की हत्या, अब वीडियो से खुली वारदात की कहानी