बलिया में खाकी शर्मसार: इंस्पेक्टर ने इंसाफ के बदले पीड़िता से की आपत्तिजनक डिमांड, ऑडियो वायरल होने पर हो गया Action

Ballia Police News: बलिया के उभांव थाने में तैनात क्राइम इंस्पेक्टर नरेश कुमार मलिक और थानाध्यक्ष संजय शुक्ला को एसपी ने किया सस्पेंड. महिला से चार्जशीट के बदले शारीरिक संबंध मांगने का ऑडियो हुआ था वायरल.

NewsTak
बलिया में क्राइम इंस्पेक्टर के खिलाफ हो गया एक्शन.

अनिल अकेला

follow google news

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक बेहद चौंकाने वाला और शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां न्याय की गुहार लेकर थाने पहुंची एक पीड़िता से क्राइम इंस्पेक्टर ने ही अनैतिक मांग कर डाली. उभांव थाने में तैनात क्राइम इंस्पेक्टर पर आरोप है कि उन्होंने मुकदमे में चार्जशीट दाखिल करने के बदले महिला से शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया. इस कथित बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. 

Read more!

पीड़ित महिला ने वन विभाग में तैनात एक दरोगा के खिलाफ यौन शोषण का मुकदमा दर्ज कराया था. महिला का आरोप है कि उक्त दरोगा ने मंदिर में उससे शादी की और 8 महीने तक शोषण करने के बाद अपनाने से इनकार कर दिया. जब महिला इंसाफ के लिए उभांव थाने पहुंची, तो केस की जांच कर रहे क्राइम इंस्पेक्टर नरेश कुमार मलिक ने चार्जशीट लगाने और केस मजबूत करने के नाम पर पैसों और 'निजी मुलाकात' की शर्त रख दी. 

वायरल ऑडियो ने खोली पोल

सोशल मीडिया पर वायरल हुई ऑडियो क्लिप में कथित तौर पर इंस्पेक्टर को महिला से अमर्यादित बातें करते और सौदेबाजी करते सुना जा सकता है. पीड़िता ने जब देखा कि थाने स्तर पर उसकी सुनवाई नहीं हो रही, तो उसने आजमगढ़ रेंज के डीआईजी और बलिया एसपी ओमवीर सिंह से मुलाकात कर लिखित शिकायत दर्ज कराई. 

एसपी की बड़ी कार्रवाई: थानाध्यक्ष समेत दो निलंबित 

मामले की गंभीरता और वायरल ऑडियो को संज्ञान में लेते हुए बलिया एसपी ओमवीर सिंह ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई की है.  क्राइम इंस्पेक्टर नरेश कुमार मलिक को निलंबित कर दिया. इधर ऑडियो में नाम सामने आने और मिलीभगत के संदेह में थानाध्यक्ष उभांव संजय शुक्ला को भी आज निलंबित कर दिया गया है. 

एसपी ने इस पूरे प्रकरण की जांच अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) बलिया को सौंप दी है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि वायरल ऑडियो की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. 

यूपी में 6 महीने से गायब सीनियर IAS समीर वर्मा कौन हैं? नई पोस्टिंग मिलने के बाद भी नहीं की जॉइनिंग
 

    follow google news