Banda News: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में होने वाली एक शादी इन दिनों चर्चाओं में है. यहां नीलम नामक एक महिला की शादी 7 मई के दिन होनी है. इसके लिए उनके परिवार ने सभी जरूरी तैयारियां कर ली हैं. मसलन शादी के कार्ड छप चुके हैं, गहने-कपड़ों की खरीदारी हो चुकी है मेहमानों को न्योता पहुंच चुका है. लेकिन इन सब के बीच अब उनके सामने एक मुसीबत आ पड़ी है. शादी के लिए तो सभी जरूरी चीजों का इंतेजाम हो चुका है, लेकिन LPG गैस सिलेंडर न मिलने के कारण उनके सामने खाना बनाने का संकट खड़ा हो गया है. ऐसे में परेशान होकर उन्होंने अब ऐसा कदम उठाया है जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है.
ADVERTISEMENT
यह मामला बांदा के झील के पुरवा का है. यहां होने वाली दुल्हन अपने पिता के साथ कलेक्ट्रेट ऑफिस पहुंच गई और जिलाधिकारी से मदद की गुहार लगाने लगी. डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) को फोन कर कड़ी फटकार लगाई और सिलेंडर दिलाने का आदेश दिया.
एजेंसी संचालक ने कही डीएम के आदेश की बात
मामले की जानकारी देते हुए नीलम के पिता रामसहाय ने बताया कि वो सिलेंडर के लिए गैस एजेंसी गए थे, लेकिन वहां संचालक ने सिलेंडर देने से साफ मना कर दिया. उनके पिता ने बताया कि एजेंसी की ओर से कहा गया कि जब तक डीएम साहब का आदेश नहीं होगा तब तक सिलेंडर नहीं मिलेगा. मजबूरी में पिता अपनी बेटी और शादी का कार्ड लेकर डीएम ऑफिस पहुंचे. नीलम ने डीएम अमित आसेरी को शिकायती पत्र देते हुए कहा कि साहब मेरी शादी 7 मई को है, सिलेंडर दिलवा दीजिए, अगर सिलेंडर नहीं मिला तो मेहमानों की खातिरदारी कैसे होगी और खाना कैसे बनेगा.
डीएम की फटकार के बाद हरकत में आया आपूर्ति विभाग
बेटी की फरियाद सुनकर डीएम ने तुरंत जिला पूर्ति अधिकारी को फोन लगाया और लापरवाही पर जमकर लताड़ लगाई. डीएम के कड़े रुख के बाद डीएसओ कयामुद्दीन ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ गया है और उन्होंने संबंधित आपूर्ति निरीक्षक को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. विभाग की ओर से आश्वासन दिया गया है कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द सिलेंडर मुहैया करा दिया जाएगा. इस आदेश के बाद दुल्हन और उसके पिता के चेहरे पर राहत की मुस्कान लौट आई है.
बाराबंकी में भी सामने आया था अनोखा मामला
गैस सिलेंडर की समस्या से जुड़ा एक ऐसा ही मामला पहले बाराबंकी से भी सामने आया था. यहां खैरा बीरू गांव के अशोक ने जयमाल के समय ही अपनी होने वाली पत्नी लक्ष्मी के सामने शर्त रख दी थी कि अगर भविष्य में गैस की ऐसी ही किल्लत रही तो क्या वह चूल्हे पर खाना बनाने के लिए तैयार है. दुल्हन ने भी बिना किसी हिचकिचाहट के इस शर्त को मान लिया और कहा कि वह जरूरत पड़ने पर खेतों में काम करने को भी तैयार है. बाराबंकी का ये वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था.
ADVERTISEMENT


