उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिला कारागार में एक महिला बंदी के HIV संक्रमित मिलने के बाद जेल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है. महिला की जेल में हुई स्वास्थ्य जांच के दौरान HIV रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने उसके संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
महिला को इलाज के लिए लखनऊ के KGMU स्थित ART सेंटर से लिंक किया गया है. यहां उसका इलाज कराया जा रहा है. अधिकारियों के मुताबिक महिला की काउंसलिंग भी कराई जा रही है.
21 जून को देह व्यापार और नशे के कारोबार के मामले में भेजी गई थी जेल
मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के पैसार स्थित सिद्धार्थनगर मोहल्ले का है. यहां 21 जून 2026 को पुलिस ने चार मंजिला मकान में देह व्यापार और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना पर कार्रवाई की थी. इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था.
कार्रवाई के बाद तीन महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. अब इन्हीं में शामिल एक महिला की जेल में हुई स्वास्थ्य जांच के दौरान HIV संक्रमण की पुष्टि हुई है.
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजीव टंडन ने शुक्रवार को महिला के HIV संक्रमित पाए जाने की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि जिला कारागार में बंद महिलाओं की स्वास्थ्य जांच के दौरान महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई.
24 से 27 अगस्त तक चला विशेष जांच अभियान
जेल में बंदियों के स्वास्थ्य को लेकर 24 से 27 अगस्त तक विशेष जांच शिविर लगाया गया था. जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजीव टंडन के पत्र के बाद जेल प्रशासन की अनुमति से ICTC फतेहपुर की टीम ने यह अभियान चलाया.
इस दौरान बंदियों की HIV, टीबी, सिफलिस और हेपेटाइटिस B-C समेत कई बीमारियों की जांच की गई. जांच में चार बंदियों में टीबी की पुष्टि हुई. वहीं एक महिला बंदी HIV संक्रमित मिली.
संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटा रहा स्वास्थ्य विभाग
महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने उसके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. अधिकारियों के अनुसार, संबंधित लोगों की पहचान और जांच की प्रक्रिया गोपनीय तरीके से की जा रही है.
विभाग का उद्देश्य है कि अगर किसी व्यक्ति को जांच या इलाज की जरूरत हो तो उसे समय पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा सके. संक्रमित महिला की काउंसलिंग भी की जा रही है.
2019 में भी मिले थे HIV संक्रमण के 26 मामले
बाराबंकी जिला कारागार में इससे पहले वर्ष 2019 में लगाए गए स्वास्थ्य जांच शिविर के दौरान 26 कैदियों में HIV संक्रमण की पुष्टि हुई थी. उस घटना के बाद प्रदेश की जेलों में HIV और टीबी की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए गए थे.
अब एक बार फिर बाराबंकी जेल में जांच के दौरान HIV संक्रमण का मामला सामने आया है. डॉ. राजीव टंडन के मुताबिक, संक्रमित महिला को ART सेंटर से जोड़ दिया गया है और उसका इलाज कराया जा रहा है.
वहीं, सीएमओ डॉ. रंजन गौतम ने कहा कि पूरे मामले की जानकारी ली जा रही है. इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT


