Mahindra XUV 300 theft: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है. जहां चार युवकों ने ग्राहक बनकर शोरूम में एंट्री की और टेस्ट ड्राइव के बहाने महिंद्रा की एसयूवी कार लूटकर फरार हो गए. घटना के दौरान शोरूम कर्मचारी को चलती गाड़ी से नीचे धक्का दे दिया गया.
ADVERTISEMENT
कैसे दिया वारदात को अंजाम?
मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के न्यू बाराबंकी कार बाजार का है. मंगलवार शाम चार युवक कार बाजार पहुंचे. उन्होंने काफी देर तक अलग-अलग गाड़ियों को देखा. इसके बाद महिंद्रा की XUV-300 पसंद की.
युवकों ने गाड़ी की कंडीशन जांचने के लिए टेस्ट ड्राइव की मांग की. शोरूम का एक कर्मचारी उनके साथ गाड़ी में बैठकर हाईवे की ओर निकल गया. करीब एक किलोमीटर दूर पहुंचते ही युवकों ने अचानक कर्मचारी से हाथापाई शुरू कर दी.
इसके बाद उसे चलती कार से सड़क पर धकेल दिया और गाड़ी लेकर फरार हो गए. लूटी गई कार की कीमत लगभग 7.50 लाख रुपये बताई जा रही है.
घायल कर्मचारी ने दी सूचना
घटना में घायल कर्मचारी ने तुरंत अपने मालिक शहीद को फोन कर पूरी जानकारी दी. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
पूरी घटना कार बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है. फुटेज में चारों युवक पैंट-शर्ट और जूते पहने नजर आ रहे हैं. एक युवक ने हुडी पहन रखी थी. कैमरों में उनके चेहरे साफ दिखाई दे रहे हैं.
देखिए घटना का वीडियो
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है. नगर कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कर ली गई है और तलाश के लिए टीम गठित की गई है.
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चला रही है. हाईवे और टोल प्लाजा के कैमरों की भी जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ADVERTISEMENT

