बाराबंकी में 5G की स्पीड से शादी: निकाह के 5 घंटे बाद तलाक, फिर 12 घंटे में दूल्हा-दुल्हन दोनों ने रचा ली दूसरी शादी, दिमाग चकरा देगा ये मामला

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में बारातियों की बदतमीजी के कारण दुल्हन ने निकाह के महज 5 घंटे बाद ही दूल्हे से तलाक ले लिया. इसके बाद अनोखा मोड़ तब आया जब अगले 12 घंटे के भीतर ही दूल्हा और दुल्हन दोनों ने अलग-अलग जगहों पर दूसरी शादियां रचा लीं.

बाराबंकी से आया हैरान करने वाला मामला (AI Image)
बाराबंकी से आया हैरान करने वाला मामला (AI Image)

सैयद रेहान मुस्तफा

follow google news

इंटरनेट के इस दौर में आपने 'इंस्टेंट डिलीवरी' के बारे में तो खूब सुना होगा, जहां चंद मिनटों में सामान आपके घर पहुंच जाता है. लेकिन उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक ऐसा अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी, तलाक और फिर दूसरी शादी भी 'सुपरफास्ट' स्पीड से हो गई. यहां निकाह के महज 5 घंटे बाद दूल्हा-दुल्हन का तलाक हो गया और इसके अगले 12 घंटे के भीतर दोनों ने अलग-अलग जगहों पर दूसरी शादी भी रचा ली.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

यह पूरा वाकया बाराबंकी जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर फतेहपुर थाना क्षेत्र के नालापार दक्षिणी मोहल्ले का है. यहां रहने वाले एक कबाड़ व्यापारी (स्क्रैप डीलर) ने अपनी बेटी का निकाह सऊदी अरब में मजदूरी करने वाले जावेद मियां नाम के युवक से तय किया था. शुक्रवार की रात करीब 9 बजे गाजे-बाजे के साथ सजी-धजी बारात आई, मेहमानों का स्वागत हुआ, लजीज खाना खाया गया और काजी साहब ने दोनों का निकाह भी पढ़वा दिया. सब कुछ बेहद खुशी-खुशी चल रहा था.

बारातियों की बदतमीजी पर अड़ गई दमदार दुल्हन

निकाह संपन्न होने के बाद अचानक शादी का माहौल बदल गया. लड़की पक्ष का आरोप है कि कुछ बाराती शराब के नशे में धुत होकर गाली-गलौज और बदतमीजी करने लगे. जब दुल्हन को इस बात की भनक लगी कि शादी के पहले ही दिन दूल्हे और उसके रिश्तेदारों का व्यवहार ऐसा है, तो उसने तुरंत इस निकाह को आगे बढ़ाने से साफ इनकार कर दिया.

बात इतनी बढ़ गई कि रात में ही नगर चेयरमैन और ग्राम प्रधान को बुलाकर पंचायत बैठानी पड़ी. दोनों पक्षों के बीच मान-मनव्वल का लंबा दौर चला, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर टस से मस नहीं हुई. आखिरकार, निकाह के महज 5 घंटे बाद आपसी सहमति से कागजी कार्रवाई हुई और दूल्हा-दुल्हन का तलाक हो गया. दूल्हे राजा बिना दुल्हन के ही खाली हाथ वापस लौट गए. स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस दौरान दहेज जैसी कोई मांग नहीं की गई थी, बल्कि बारातियों की किसी बात या कमेंट को लेकर विवाद बढ़ा था. पंचायत में ही महर और जेवर के लेनदेन का आदान-प्रदान कर मामला रफा-दफा कर दिया गया.

अगले 12 घंटे में आया असली क्लाइमेक्स!

कहानी यहीं खत्म नहीं हुई, बल्कि असली ट्विस्ट तो अगले दिन शनिवार को आया. मोहल्ले के लोग अभी रात में हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे और तलाक की चर्चा कर ही रहे थे कि खबर आई कि लड़की के पिता ने चटपट फतेहपुर इलाके में ही एक दूसरे लड़के से अपनी बेटी का निकाह करा दिया है.

उधर, सऊदी रिटर्न दूल्हा जावेद मियां भी पीछे नहीं रहा. उसने भी बिना वक्त गंवाए दरियाबाद इलाके में जाकर तुरंत दूसरी जगह अपना सेहरा सजा लिया और दूसरी शादी कर ली.

पुलिस तक नहीं पहुंचा मामला

जितनी देर में लोग ऑनलाइन मंगाया हुआ सामान रिटर्न भी नहीं कर पाते, उतनी देर में दोनों का रिलेशनशिप स्टेटस सिंगल से मिंगल, फिर मिंगल से सिंगल और दोबारा मिंगल हो गया. हालांकि, इस पूरे नाटकीय घटनाक्रम को लेकर किसी भी पक्ष ने पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है और दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से पंचायत के जरिए ही मामला सुलझा लिया. फिलहाल, बाराबंकी में हुई यह सुपरफास्ट शादियां और झटपट तलाक पूरे इलाके में जबरदस्त चर्चा का विषय बना हुआ है.

 

    follow google news