Bareilly: कुंवारा बताकर शादीशुदा सिपाही ने बनाया संबंध, सच बर्दास्त नहीं कर पाई महिला सिपाही, उठाया ये खतरनाक कदम

बरेली के शाही थाने में तैनात शादीशुदा सिपाही अमित चौधरी ने खुद को कुंवारा बताकर महिला सहकर्मी से संबंध बनाए, जिससे दुखी होकर पीड़ित महिला सिपाही ने नींद की गोलियां खा लीं. शिकायत मिलने पर एसएसपी अनुराग आर्य ने अनुशासनहीनता के आरोप में सिपाही को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है.

बरेली न्यूज
बरेली न्यूज

कृष्ण गोपाल यादव

follow google news

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से खाकी को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक थाने में तैनात सिपाही पर अपनी ही महिला सहकर्मी को प्यार के जाल में फंसाकर धोखा देने का गंभीर आरोप लगा है. आरोपी सिपाही ने खुद को कुंवारा बताकर महिला सिपाही से नजदीकियां बढ़ाईं और शादी का झांसा देकर संबंध बनाए. लेकिन जैसे ही सिपाही की शादी का राज खुला, महकमे से लेकर कप्तान के दफ्तर तक हड़कंप मच गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनुराग आर्य ने आरोपी सिपाही को तुरंत सस्पेंड कर दिया है.

Read more!

'कुंवारा' बनकर जीता भरोसा, फिर किया विश्वासघात

पूरा मामला बरेली के शाही थाने से जुड़ा है. यहां तैनात सिपाही अमित चौधरी ने वहीं पर तैनात एक महिला सिपाही को अपने झांसे में ले लिया. अमित ने महिला सिपाही से झूठ बोला कि वह अविवाहित है और जल्द ही उससे शादी कर लेगा. सिपाही की मीठी बातों और शादी के वादे पर भरोसा करके महिला सिपाही उसके करीब आ गई. दोनों के बीच बातचीत और मुलाकातों का सिलसिला आगे बढ़ा. दोनों भविष्य के हसीन ख्वाब देख ही रहे थे कि अचानक महिला सिपाही के सामने एक कड़वा सच आ गया.

शादीशुदा होने का सच खुला तो टूट गई महिला सिपाही

कुछ समय बाद महिला सिपाही को कहीं से भनक लगी कि अमित चौधरी कुंवारा नहीं, बल्कि पहले से ही शादीशुदा है. इस सच्चाई को जानने के बाद महिला सिपाही के पैरों तले जमीन खिसक गई. जिस शख्स को वह अपना हमसफर मान रही थी, उसका यह असली चेहरा देखकर वह गहरे सदमे और मानसिक तनाव में चली गई. प्यार में मिले इस धोखे को वह बर्दाश्त नहीं कर पाई और पूरी तरह टूट गई.

मानसिक तनाव में खा ली थीं नींद की गोलियां

रिश्ते में मिले इस बड़े धोखे और मानसिक प्रताड़ना के कारण महिला सिपाही डिप्रेशन में रहने लगी थी. उसका काम में भी मन नहीं लग रहा था. इसी भारी तनाव के चलते बीती 31 मई 2026 को उसने आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की और अपने पास रखीं नींद की कई गोलियां एक साथ खा लीं. तबीयत बिगड़ने पर उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज कर उसकी जान बचाई.

कप्तान के जनता दरबार पहुंची शिकायत, तत्काल एक्शन

अस्पताल की घटना के बाद यह पूरा मामला पुलिस के आला अधिकारियों के संज्ञान में आया. पीड़िता ने सीधे एसएसपी के जनता दरबार में पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई. पुलिस विभाग से जुड़ा संवेदनशील मामला होने के कारण अधिकारियों ने गोपनीयता बनाए रखी, लेकिन आंतरिक जांच में तेजी दिखाई. जांच रिपोर्ट सामने आते ही एसएसपी अनुराग आर्य ने सिपाही अमित चौधरी की इस करतूत को पुलिस सेवा की गरिमा और अनुशासन के खिलाफ माना. एसएसपी ने आरोपी सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन से संबद्ध (लाइन हाजिर) कर दिया है. साथ ही उसके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं.

ये भी पढ़ें: UP Police Exam Day 1: पहले ही दिन 2 लाख से ज्यादा ने छोड़ा पेपर, वॉशरूम में मोबाइल ले जाते धरे गए मुन्ना भाई!

    follow google news