उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में तैनात एसपी (SP) अंशिका वर्मा एक बार फिर सुर्खियों में हैं. हालांकि, इस बार चर्चा उनकी शादी या रिसेप्शन की तस्वीरों की नहीं, बल्कि उनके एक कड़े एक्शन को लेकर हो रही है. दरअसल, एक ट्रेनी सिपाही द्वारा सैल्यूट न करने पर एसपी साहिबा ने उसे दोबारा ट्रेनिंग पर भेजने का फरमान सुना दिया है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, यह वाकया 9 मई का है जब बरेली दक्षिणी क्षेत्र की एसपी अंशिका वर्मा थाना आंवला के वार्षिक निरीक्षण पर पहुंची थीं. खास बात यह थी कि एसपी मैडम खाकी वर्दी के बजाय सादे कपड़ों (सिविल ड्रेस) में थीं.
बताया जा रहा है कि निरीक्षण के दौरान थाने के गेट पर तैनात एक ट्रेनी सिपाही सादे कपड़ों में होने के कारण एसपी मैडम को पहचान नहीं सका. पहचान न पाने की वजह से सिपाही ने न तो मैडम को 'जय हिंद' कहा और न ही उन्हें सैल्यूट किया.
पुलिस लाइन भेजा गया
ट्रेनी सिपाही की इस चूक को एसपी अंशिका वर्मा ने पुलिस अनुशासन और प्रशिक्षण में कमी माना. इसके बाद उन्होंने सिपाही को लेकर एक बड़ा फैसला किया. सिपाही को वापस पुलिस लाइन भेज दिया गया है, जहां उसकी ट्रेनिंग को करीब 15 दिनों के लिए और बढ़ा दिया गया है. इस अवधि के दौरान सिपाही को पुलिस प्रोटोकॉल, बेसिक पुलिसिंग और अनुशासन से जुड़े नियमों की दोबारा ट्रेनिंग दी जाएगी.
पुलिस विभाग के सूत्रों का कहना है कि यह कोई दंडात्मक सजा नहीं है, बल्कि यह ट्रेनिंग का ही एक हिस्सा है ताकि जवान बेसिक पुलिसिंग और अनुशासन को बेहतर ढंग से समझ सकें.
हाल ही में हुई थी शादी
आपको बता दें कि SP अंशिका वर्मा हाल ही में अपनी शादी को लेकर भी काफी चर्चा में रही थीं. मार्च 2026 में उनकी शादी संभल के एसपी के.के. विश्नोई से हुई थी. उस दौरान इस आईएएस/आईपीएस कपल की शादी और रिसेप्शन की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुए थे. अब एक बार फिर सिपाही पर लिए गए इस कड़े एक्शन के बाद एसपी अंशिका वर्मा सुर्खियों में हैं.
ADVERTISEMENT


