बरेली में 50 फीट की ऊंचाई पर उड़ते शख्स का वीडियो आया सामने, चक्रवाती तूफान के कहर ने कईयों पर बरपाया कहर!

Bareilly Storm Video: बरेली में आए चक्रवाती तूफान के बीच एक हैरान करने वाला वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स टीन शेड के साथ करीब 50 फीट ऊंचाई तक हवा में उड़ता दिखाई दे रहा है. जांच में वीडियो असली पाया गया है और घायल व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है. जानिए बरेली में आए तूफान, वायरल वीडियो और प्रशासन की कार्रवाई का पूरा मामला.

Bareilly Storm Video
Bareilly Storm Video

कृष्ण गोपाल राज

follow google news

उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बीते दिनों से मौसम अचानक पलटी मार रहा है. कभी धूप तो कभी अचानक से तेज आंधी-बारिश ने लोगों को परेशान कर रखा है. इसी बीच बरेली से एक हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है जिसमें एक व्यक्ति 50 फीट ऊंची हवा में फिल्मी स्टाइल में उड़ता हुआ दिखाई दे रहा है. हालांकि पहले यह वीडियो AI का लग रहा था लेकिन ऐसा बिल्कुल भी नहीं है. आइए विस्तार से जानते हैं इस वायरल हो रहे वीडियो की पूरी इनसाइड स्टोरी.

Read more!

टीन शेड के साथ ही उड़ा शख्स

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मीडिया ने इसकी जांच शुरू की. जब मीडिया और प्रशासन ने भमोरा क्षेत्र की जांच की तो पता चला की यह कोई AI वीडियो नहीं बल्कि ओरिजिनल वीडियो है और इसमें पीड़ित शख्स फिलहाल अस्पताल में भर्ती है. मिली जानकारी के मुताबिक बरेली में बीते दो दिनों से लगातार तेज आंधी-तूफान ने कहर मचा रखा है. इसी चक्रवाती तूफान में बारात घर के ऊपर बना टीन शेड तूफान में उड़ गया. इसी शेड को तीन लोग पकड़ के खड़े हुए थे. लेकिन तूफान इतना तेज था कि पूरी छत उखाड़ दी और साथ ही एक शख्स नन्हें मियां को लेकर अपने साथ 50 फीट ऊंची उड़ गया. हालांकि उड़ता हुआ शख्स एक खेत में गिरा जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और फिलहाल उसका इलाज चल रहा है. इसी मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.  

2 दिन से लगातार आ रहा तूफान

पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बरेली में पिछले 2 दिनों से लगातार तूफानी हवाओं का दौर जारी है. लेकिन बीती रात आई तेज आंधी ने शहर में भारी तबाही मचाई है. आंधी ने कई विशालकाय पेड़ उखाड़ दिए जो कि सीधे सड़क पर गिरे, जिससे की कई दोपहिया और चार पहिया वाहनों को नुकसान पहुंचा है. वहीं रास्तों पर पेड़ गिरे होने के कारण कई रोड भी ब्लॉक हो गए है और साथ ही कई लोगों के घायल होने की जानकारी भी सामने आई है.

अलर्ट मोड पर प्रशासन

चक्रवाती तूफान से हुए नुकसान को देखते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट रहने के ऑर्डर दिए है. फिलहाल प्रशासन का मेन फोकस सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटाना है ताकि लोग आराम से इस रास्ते से आ-जा सकें. जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश किया है कि वे स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखें और लोगों को जल्द से जल्द सारी सहायताएं पहुंचाई जाएं. साथ ही उन्होंने लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की है.

यहां देखें वीडियो

 

    follow google news