उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक फौजी ने अपनी प्रेमिका के चक्कर में अपनी ही पत्नी की जान ले ली. सुभाषनगर थाना क्षेत्र की बीडीए कॉलोनी में हुई इस वारदात में पुलिस ने अब आरोपी फौजी की प्रेमिका को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. 22 अप्रैल को हुई इस हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने जो खुलासे किए हैं, वे चौंकाने वाले हैं.
ADVERTISEMENT
फेसबुक पर शुरू हुआ था प्यार
पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी पति भारत सिंह यादव भारतीय सेना में कार्यरत है. करीब पांच साल पहले फेसबुक के जरिए उसकी मुलाकात बदायूं की रहने वाली सुरभि यादव से हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे एक-दूसरे के प्यार में पागल हो गए. भारत अपनी प्रेमिका पर हर महीने मोटी रकम खर्च करता था और छुट्टियों में भी अक्सर उसी के पास रहता था. पुलिस के अनुसार, वह अपनी प्रेमिका को हर महीने करीब 15 हजार रुपये भी देता था.
पत्नी बनी बाधा तो रची साजिश
जब भारत की पत्नी गीता यादव को इस अवैध संबंध का पता चला, तो घर में आए दिन झगड़े होने लगे. आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी प्रेमिका सुरभि उस पर लगातार दबाव बना रही थी कि वह अपनी पत्नी को रास्ते से हटा दे. इसी दबाव में आकर दोनों ने मिलकर 18 अप्रैल को हत्या का प्लान बनाया.
सुबह 4 बजे दिया वारदात को अंजाम
योजना के अनुसार, 21 अप्रैल की अलसुबह करीब 4 बजे भारत सिंह ने अपनी पत्नी गीता का गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया. वारदात के बाद वह फरार हो गया. पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी में भी कैद हो गई थी. पुलिस के बढ़ते दबाव को देख आरोपी ने पहले कोर्ट में सरेंडर किया, जिसके बाद उसकी निशानदेही और कॉल डिटेल्स के आधार पर पुलिस ने उसकी प्रेमिका सुरभि को भी दबोच लिया.
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि मुख्य आरोपी पहले ही जेल में है और अब साजिश में शामिल उसकी प्रेमिका को भी सलाखों के पीछे भेज दिया गया है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT


