उत्तर प्रदेश के बरेली से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है. यहां अपनी मेहनत की कमाई मांगना एक मजबूर मां को बेहद भारी पड़ गया. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक रसूखदार महिला, एक गरीब मजदूर महिला को बेरहमी से थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रही है.
ADVERTISEMENT
बरेली के सुभाष नगर का मामला
पूरा मामला बरेली के सुभाष नगर थाना इलाके का है. पीड़ित महिला विमला देवी के अनुसार, उनकी बेटी पिछले 8 महीने से करगैना इलाके में ममता नाम की महिला के घर पर साफ-सफाई का काम करती थी. बेटी की तबीयत खराब होने के कारण उसे इलाज के लिए दिल्ली ले जाना पड़ा. जब विमला देवी अपनी बेटी के बकाया पैसे मांगने मालकिन के पास पहुंची, तो ममता ने पैसे देने के बजाय उन्हें गंदी गालियां दीं और मारपीट शुरू कर दी.
8 महीने की मजदूरी बाकी, बदले में मिले थप्पड़
विमला देवी का आरोप है कि उनकी बेटी की ₹5,000 प्रति माह की सैलरी तय हुई थी, लेकिन पिछले 8 महीनों से उसे एक रुपया भी नहीं दिया गया. जब वह अपनी बेटी की दवाइयों के लिए हक का पैसा मांगने गईं, तो मालकिन ने आपा खो दिया और एक के बाद एक लगातार 11 थप्पड़ जड़ दिए. इतना ही नहीं, आरोप है कि मालकिन ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी.
पुलिस ने शुरू की जांच
इस मारपीट का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, इलाके में हड़कंप मच गया. विमला देवी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनुराग आर्य से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आश्वासन दिया है कि दोषी महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
वीडियो देखिए:
ADVERTISEMENT


