Bareilly Crime News: बरेली से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एकतरफा प्यार में पागल युवक ने युवती को पार्क में बुलाकर उसके साथ छेड़छाड़ की, आरोप है जब युवती ने विरोध किया तो उसे तमंचा दिखाकर डराने की कोशिश की. अब पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
ADVERTISEMENT
दोस्ती के नाम पर बुलाया, फिर की छेड़छाड़
जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक दूसरे समुदाय से है और वह एक हिंदू युवती से जबरदस्ती दोस्ती करना चाहता था. उसने युवती को कसम देकर एक पार्क में मिलने के लिए बुलाया. मुलाकात के दौरान युवक ने युवती के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी. जब युवती ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे तमंचा दिखाकर डराने की कोशिश की.
विरोध करने पर धमकी
युवती ने आरोपी के दबाव और धमकियों के बावजूद हार नहीं मानी. उसने पूरे मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई. शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की.
रेलवे जंक्शन से आरोपी की गिरफ्तारी
पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि आरोपी बरेली रेलवे जंक्शन के पास मौजूद है. इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए.
पूछताछ में कबूला एकतरफा प्यार
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह युवती से एकतरफा प्यार करता था और लगातार युवती को फोन कर रहा था. वह युवती से दोस्ती करना चाहता था, लेकिन युवती इसके लिए तैयार नहीं थी. इसके बावजूद आरोपी ने उस पर दबाव बनाया और डराने की कोशिश की.
माफी मांगते वीडियो ने पकड़ी रफ्तार
गिरफ्तारी के बाद आरोपी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह हाथ जोड़कर माफी मांगता और लड़खड़ाते हुए नजर आ रहा है. इस वीडियो के सामने आने के बाद मामला और सुर्खियों में आ गया है.
क्षेत्राधिकारी आशुतोष शिवम ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई की गई. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
ADVERTISEMENT


