Basti Wedding News: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एक ऐसी शादी की चर्चा हो रही है, जिसका अंजाम किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रहा. यहां एक दारोगा की शादी होने वाली थी, घर में खुशियों का माहौल था और बारात निकलने ही वाली थी, तभी अचानक दुल्हन के प्रेमी ने दूल्हे के घर पहुंचकर खलबली मचा दी. प्रेमी की धमकी के बाद दूल्हे ने बारात ले जाने से मना कर दिया, जिसके बाद अंततः दुल्हन की शादी उसी प्रेमी से करानी पड़ी. आइए विस्तार से जानते है मामले की पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
दूल्हे के दरवाजे पर पहुंचा प्रेमी, दी जान से मारने की धमकी
पूरी घटना बस्ती के दुबोलिया थाना क्षेत्र के पकड़ी चौहान गांव की है. 20 अप्रैल को लखनऊ में तैनात दारोगा जॉन मेजर वर्मा की शादी मनीषा चौधरी से होनी थी. दूल्हा शेरवानी पहनकर बारात ले जाने की तैयारी में था, तभी एक कार उसके दरवाजे पर आकर रुकी. कार से एक युवक उतरा, जिसने खुद को दुल्हन का प्रेमी बताया. उसने दूल्हे को सीधी धमकी दी कि अगर बारात लेकर गए तो सही सलामत वापस नहीं आओगे.
दूल्हे ने किया बारात ले जाने से इनकार
इस धमकी के बाद प्रेमी अपनी कार वहीं छोड़कर फरार हो गया. इस घटना ने दूल्हे और उसके परिवार को हिलाकर रख दिया. हालांकि दुल्हन के परिवार वालों ने काफी मान-मनौव्वल किया और समझाने की कोशिश की, लेकिन दारोगा दूल्हा अपनी बात पर अड़ा रहा और उसने बारात ले जाने से साफ इनकार कर दिया.
प्रेमी के साथ विदा हुई दुल्हन
शादी टूटने के बाद मामला गंभीर हो गया. आखिरकार दोनों पक्षों की आपसी सहमति से एक चौंकाने वाला फैसला लिया गया. जिस प्रेमी ने शादी रोकने के लिए धमकी दी थी, दुल्हन के परिजनों ने अपनी बेटी की शादी उसी युवक से करा दी. कुछ ही घंटों पहले जहां मातम जैसा माहौल था, वहां दुल्हन उसी प्रेमी के साथ विदा हुई.
पुलिस की जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस के अनुसार, दूल्हे के पिता ओम प्रकाश ने तहरीर दी है, जिसमें उन्होंने सामाजिक प्रतिष्ठा खराब होने का जिक्र किया है. बस्ती पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. धमकी और हथियार के इस्तेमाल के आरोपों पर पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही विधिवत कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल दारोगा दूल्हे की तरफ से कोई सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग नहीं की गई है.
ADVERTISEMENT


