घर में छोटी-छोटी बात पर झगड़े होते रहते हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से एक ऐसी खबर आई है जो सुनकर हंसी रोकना मुश्किल हो जाए. यहां एक महिला ने सिर्फ इसलिए पुलिस बुला ली क्योंकि उसके पति ने जूठे बर्तन नहीं धोए. यह अजीबोगरीब घटना सोनहा थाना क्षेत्र के एक गांव की है, जिसकी चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, बुधवार देर शाम जब महिला खाना बनाने के लिए किचन में गई, तो वहां सिंक में जूठे बर्तनों का ढेर देखकर उसका पारा चढ़ गया. उसने अपने पति से बर्तन न मांजने का कारण पूछा, जिस पर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि महिला ने तुरंत पुलिस को सूचना दे दी.
हैरान रह गई पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत घर पहुंची. वहां देखा कि पति-पत्नी आपस में उलझे हुए हैं. जब पुलिस ने विवाद का कारण पूछा तो महिला ने बेबाकी से जवाब दिया -"साहब, मैंने कई बार कहा बर्तन धो दो, लेकिन इन्होंने सुना ही नहीं. जब मैं खाना बनाने गई तो सिंक भरा पड़ा था. बर्तन साफ नहीं होंगे तो रात को खाना कैसे बनेगा?" यह बात सुनते ही पुलिसकर्मी भी मुस्कुराए बिना नहीं रह सके. पुलिस ने जब पति से पूछा तो वह चुप्पी साधे रहा.
दो साल पहले हुई थी शादी
पुलिस ने बताया कि इस जोड़े की शादी दो साल पहले हुई थी और फिलहाल उनकी कोई संतान नहीं है. पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक दोनों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया और समझौता होने के बाद वहां से लौटे. सोनहा थानाध्यक्ष महेश सिंह ने पुष्टि की है कि यह पति-पत्नी का आपसी विवाद था, जिसे सुलझा लिया गया है.
इस घटना की जानकारी फैलते ही पूरे गांव में इसकी जमकर चर्चा होने लगी. जहां लोग इसे हल्के-फुल्के अंदाज में ले रहे हैं, वहीं कुछ लोगों का मानना है कि घर के छोटे मसलों को पुलिस तक पहुंचाना उचित नहीं.
ADVERTISEMENT


