Bijnor Restaurant Privacy Leak: उत्तर प्रदेश के बिजनौर के एक रेस्टोरेंट से कपल्स के निजी पलों की कथित रिकॉर्डिंग का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार, यहां कपल्स की प्राइवेसी के लिए उन्हें एक अलग रूम दिया जाता था. बताया जा रहा है कि 4 फरवरी को एक प्रेमी जोड़ा रेस्टोरेंट पहुंचा और उसी रूम में बैठा. कुछ देर बाद उन्हें महसूस हुआ कि जैसे कोई उन पर नजर रख रहा हो. शक होने पर उन्होंने अपने एक परिचित को मौके पर बुला लिया. इसके बाद रेस्टोरेंट के एक कर्मचारी का मोबाइल चेक किया गया. आरोप है कि मोबाइल में करीब 200 से अधिक प्रेमी जोड़ों के निजी पलों के वीडियो मौजूद थे. विरोध और हंगामे के बीच आरोपी कर्मचारी मोबाइल लेकर फरार हो गया. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है.
ADVERTISEMENT
कैसे हुआ मामले का पर्दाफाश
दरअसल, इस पूरे मामले का खुलासा 4 फरवरी को हुआ. दावा है कि इस दिन बिजनौर के सेंटर पॉइंट नाम के रेस्टोरेंट में एक प्रेमी जोड़ा पहुंचा. इस दौरान कपल रेस्टोरेंट में बनाए गए प्राईवेट रूम में चला गया. लेकिन इस बीच कपल को एक कर्मचारी की हरकतों पर शक हुआ. युवती के साथ आए युवक को महसूस हुआ कि कोई रूम के बैनर के पीछे से उनकी वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहा है.
ऐसे में युवक ने अपने एक दोस्त को मौके पर बुला लिया. दोनों ने मिलकर कर्मचारी का मोबाइल छीनकर चेक किया. मोबाइल खोलते ही उनके होश उड़ गए. दावा है कि इसमें करीब 200 से ज्यादा प्रेमी जोड़ों के निजी पलों के वीडियो मौजूद थे. इस बीच हंगामा शुरू हुआ तो आरोपी कर्मचारी सत्येंद्र सिंह मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गया. हालांकि पीड़ितों ने कुछ वीडियो सबूत के तौर पर अपने पास रिकॉर्ड कर लिए थे.
ऐसे रिकॉर्ड करता था वीडियो
इस बीच जांच में सामने आया कि रेस्टोरेंट के अंदर जीने के नीचे एक छोटा सा रूम बनाया गया था. यहां पर कपल्स आते थे और अपना प्राइवेट मोमेंट शेयर करते थे. लेकिन इस रूम में रेस्टोंरेंट के ही एक कर्मचारी ने जीने की साइड में लगे एक बैनर में छोटा सा छेद कर रखा था. इसी छेद के पीछे मोबाइल छिपाकर कपल्स की अंतरंग हरकतों को रिकॉर्ड किया जाता था.
पुलिस को सीसीटीवी में मिला सबूत
सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ सीओ सिटी संग्राम सिंह मौके पर पहुंचे. पुलिस ने रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर को अपने कब्जे में ले लिया है. शुरुआती जांच में कैमरों की फुटेज से भी अनैतिक गतिविधियों की पुष्टि हुई है. पुलिस ने चौकी प्रभारी कुलबीर सिंह की तहरीर पर आरोपी कर्मचारी सत्येंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. रेस्टोरेंट को फिलहाल बंद करा दिया गया है और पुलिस फरार कर्मचारी की तलाश कर रही है.
ब्लैकमेलिंग का डर और संचालिका का बयान
अब इस घटना के बाद से उन लोगों में खौफ है जो कभी इस रेस्टोरेंट में गए थे. डर इस बात का है कि कहीं उन 200 वीडियो में उनकी क्लिप भी तो शामिल नहीं है. वहीं रेस्टोरेंट का संचालन करने वाली महिला वकील का कहना है कि वह दिन भर कोर्ट में रहती हैं और उन्हें अपने कर्मचारी की इन काली करतूतों की कोई जानकारी नहीं थी. पुलिस अब मोबाइल की तलाश कर रही है ताकि यह पता चल सके कि ये वीडियो कहीं और तो शेयर नहीं किए गए.
ADVERTISEMENT

