बिजनौर: शादी के महज 50 दिन बाद दुल्हन की संदिग्ध मौत, जीजा से फोन पर बात करने से परेशान था पति

बिजनौर के चांदपुर में शादी के महज 50 दिन के भीतर एक 22 वर्षीय नवविवाहित युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. मृतका के परिजनों ने पति पर जीजा से फोन पर बात करने को लेकर शक करने, प्रताड़ित करने और दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है.

बिजनौर से आया हैरान करने वाला मामला
बिजनौर से आया हैरान करने वाला मामला

संजीव शर्मा

follow google news

बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर से एक बेहद ही हैरान और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां बड़े ही अरमानों के साथ ब्याह कर आई एक 22 वर्षीय युवती की शादी के महज 50 दिन के भीतर ही संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल वाले शादी के बाद से ही दहेज से खुश नहीं थे और पति अपनी पत्नी पर बेवजह शक करते हुए उसे लगातार प्रताड़ित कर रहा था. 

Read more!

30 अप्रैल को हुई थी शादी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिजनौर के अफजलगढ़ अंतर्गत ग्राम शिवपुरी निवासी कन्हैया सिंह ने अपनी 22 वर्षीय बेटी सोनम की शादी बीती 30 अप्रैल को चांदपुर के रहने वाले टीकाराम के साथ की थी. मृतका की मां लक्ष्मी देवी का आरोप है कि शादी के करीब 15 दिन बाद ही सोनम ने फोन कर रोते हुए बताया था कि उसके पति ने उसके साथ गंभीर मारपीट की है. मारपीट की वजह सिर्फ इतनी थी कि वह अपने जीजा से फोन पर बात कर रही थी, जिसे लेकर उसका पति उस पर लांछन लगा रहा था और रखने से मना कर रहा था. 

शक और दहेज उत्पीड़न का आरोप

मृतका के परिजनों का कहना है कि उन्होंने कई बार दामाद के पैर पकड़कर समझाने की कोशिश की और बेटी के घर को बचाने का प्रयास किया, लेकिन ससुराल वालों का व्यवहार नहीं बदला. आरोप है कि दहेज की कम चाहत और जीजा से बातचीत को लेकर उपजे शक के चलते सोनम को लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा. आखिरकार शादी के 50 दिन भी पूरे नहीं हुए थे कि मायके वालों को सोनम की दर्दनाक मौत की खबर मिली. 

पुलिस का क्या है कहना?

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची चांदपुर थाना पुलिस और फील्ड यूनिट ने शव को कब्जे में ले लिया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह बात सामने आई है कि बीते 22 जून को सुबह करीब 10 बजे किसी घरेलू विवाद के चलते महिला ने जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया था. इसके बाद उसके पति द्वारा उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान 23 जून की शाम को उसकी दुखद मृत्यु हो गई. 

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. पिता कन्हैया सिंह की तहरीर के आधार पर पति टीकाराम और उसके परिजनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के असली कारणों की पुष्टि हो पाएगी. 


 

    follow google news