कौन थे बसपा के विधायक उमाशंकर सिंह? जिनके निधन पर मायावती और अखिलेश यादव भी भावुक हुए

संतोष शर्मा

• 08:36 AM • 06 Aug 2026

BSP MLA Umashankar Singh News: उत्तर प्रदेश की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आई है. बलिया की रसड़ा विधानसभा सीट से बसपा विधायक उमाशंकर सिंह का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया. वर्ष 2022 में वह बसपा के इकलौते विजयी विधायक थे. उनके निधन पर मायावती, अखिलेश यादव समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है.

बसपा नेता उमाशंकर सिंह का निधन
बसपा नेता उमाशंकर सिंह का निधन
Google CTA

Umashankar Singh Death: उत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारे से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सीनियर नेता और बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक उमाशंकर सिंह का निधन हो गया है. वह लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे. उनके निधन से पूरे पूर्वांचल में शोक की लहर दौड़ गई है. इस दुखद खबर के बाद बसपा सुप्रीमो मायावती और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है.

Read more!

कौन थे बसपा के विधायक उमाशंकर सिंह?

उमाशंकर सिंह बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में शामिल थे. साल 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में, जब बसपा को प्रदेश में केवल एक सीट पर जीत मिली थी, तब उन्होंने बलिया की रसड़ा विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार के रूप में जीत दर्ज की थी. वह लगातार रसड़ा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते रहे और कई बार विधायक चुने गए.

राजनीति के साथ-साथ व्यापार में भी बनाया बड़ा नाम

राजनीतिक जीवन में अपनी अलग पहचान बनाने के साथ-साथ उमाशंकर सिंह एक बेहद सफल कारोबारी भी थे. वे 'छात्र शक्ति' (Chhatra Shakti Construction) नाम की प्रसिद्ध निर्माण कंपनी के मालिक थे, जो उत्तर प्रदेश की प्रमुख कंस्ट्रक्शन कंपनियों में गिनी जाती है. बुनियादी ढांचे और सड़कों के निर्माण के क्षेत्र में उनकी कंपनी ने काफी काम किया और बड़ा नाम कमाया. उनके इस कारोबारी सफर ने भी उन्हें लोगों के बीच एक अलग पहचान दी.

बलिया और रसड़ा क्षेत्र में पसरा मातम

उमाशंकर सिंह के निधन की खबर जैसे ही उनके बलिया और रसड़ा क्षेत्र में पहुंची तो वहां शोक की लहर दौड़ गई. उनके आवास और आसपास के इलाकों में समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगने लगा. स्थानीय लोग और उनके समर्थक इस खबर से बेहद स्तब्ध हैं. 

बसपा सुप्रीमो मायावती ने जताया गहरा शोक

विधायक के निधन पर बीएसपी सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने बेहद दुख व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि उमाशंकर सिंह पार्टी के बेहद कर्मठ, ईमानदार और वफादार नेता थे. मायावती ने बताया कि उनके पुत्र से लगातार संपर्क बना हुआ था और आज शाम उन्हीं के जरिए यह दुखद सूचना मिली. उन्होंने दुख की इस घड़ी में परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और कहा कि पूरा बसपा परिवार उनके साथ खड़ा है.

अखिलेश यादव और अन्य नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

समाजवादी पार्टी के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी उनके निधन पर गहरा शोक जताया है. उन्होंने लिखा कि रसड़ा से बसपा विधायक उमाशंकर सिंह जी का जाना अत्यंत दुखद है. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और शोक संतप्त परिजनों को यह भारी दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करे. इसके अलावा भी विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है.

यह भी पढ़ें: Pappu Yadav पर जूता फेंकने के आरोपी सुमित की मां का छलका दर्द, बोलीं- 'ऑफिस का कहकर निकला था बेटा, हमें नहीं पता...'