किन्नरों को शादी में नहीं मिला मुंहमांगा नेग, फिर पलभर में बदल गई पूरी कहानी, हर कोई भागने लगा इधर उधर

उत्तर प्रदेश के बदायूं में एक शादी समारोह उस वक्त दहशत में बदल गया जब नेग को लेकर विवाद के बीच किन्नरों ने फायरिंग कर दी. गोली लगने से 16 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने मौके से 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार बरामद किए हैं.

Budaun news
Budaun news

अंकुर चतुर्वेदी

follow google news

Budaun Kinnar firing news: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक रूह कपा देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक शादी की शहनाइयां अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट में बदल गईं. मामला कुंवरगांव थाना क्षेत्र के हुसैनपुर गांव का है जहां नेग के नाम पर किन्नरों की दबंगई ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को ग्रहण लगा दिया.

Read more!

नेग की रकम पर शुरू हुआ विवाद

दरअसल, हुसैनपुर निवासी प्रेमशंकर की बेटी की बारात मूसाझाग के कथरा गांव से आई थी. फेरों की रस्में होने ही वाली थीं कि तभी आधा दर्जन किन्नर एक बलेरो कार से वहां पहुंचे. आरोप है कि किन्नरों ने दूल्हे के पिता से ₹11,000 के नेग की जिद की.  दूल्हे के पिता ने ₹1100 देने की बात कही तो किन्नर भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे. बात इतनी बढ़ी कि लाठी-डंडे निकल आए और देखते ही देखते शादी का मंडप युद्ध का मैदान बन गया.

कार से निकाला तमंचा और कर दी फायरिंग

विवाद के दौरान एक किन्नर गुस्से में अपनी बलेरो कार की ओर दौड़ा और वहां से तमंचा निकाल लाया. उसने भीड़ पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. इस गोलीबारी में कथरा गांव के रहने वाले व दूल्हे के भतीजे गौरव(16 वर्षीय) को गोली लग गई. इससे वो लहूलुहान होकर वही गिर पड़ा. गोली चलते ही बारात में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.

पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 6 किन्नर गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही कुंवरगांव पुलिस मौके पर पहुंची. गांव वालों ने हिम्मत दिखाते हुए मौके से 6 किन्नरों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने जब किन्नरों की गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें से दो तमंचे, खोखा कारतूस, जिंदा कारतूस, लकड़ी के डंडे और कैंची बरामद हुई. 

सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि घायल गौरव को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया है. इन पर सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें: 13 साल के बच्चे का कत्ल करने के बाद 31 सालों तक पुलिस को छकाया, अब ऐसे पकड़ा गया यूट्यूबर सलीम वास्टिक!

    follow google news