Bulandshahr: पत्नी और सगे पिता के बीच अवैध रिश्ते का था शक, सनक में डॉक्टर पति ने उठा लिया बड़ा कदम, जानें पूरा मामला

Bulandshahr Double Murder Case: बुलंदशहर में अवैध संबंध के शक में एक सिरफिरे डॉक्टर ने बीच पंचायत में अपने ही पिता और पत्नी के साथ कुछ ऐसा कर दिया जिसे देखकर सबकी आंखें खुली की खुली रह गई.

बुलंदशहर में एक शक ने उजाड़ दी कई जिंदगी
बुलंदशहर में शक ने उजाड़ दी कई जिंदगी

मुकुल शर्मा

follow google news

Bulandshahr Double Murder Case: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पारिवारिक रिश्तों और सामाजिक मर्यादा को तार-तार कर दिया है. यहां एक सिरफिरे शख्स ने अपने ही सगे पिता और अपनी पत्नी की गोलियों से भूनकर बेरहमी से हत्या कर दी. इस खूनी खेल ने न सिर्फ एक हंसते-खेलते परिवार को श्मशान बना दिया, बल्कि महज 15 दिन पहले यानी 10 मई को पैदा हुई एक मासूम बच्ची के सिर से मां का साया भी हमेशा के लिए छीन लिया. यह दिल दहला देने वाला डबल मर्डर बुलंदशहर के खुर्जा कोतवाली नगर क्षेत्र के कलंदरगढ़ी इलाके में हुआ.

Read more!

अवैध संबंध का खौफनाक शक और रोज का कलेश

आरोपी की पहचान मोबिन के रूप में हुई है जो पेशे से एक निजी क्लीनिक और मेडिकल स्टोर चलाता है. वहीं, मारे गए पिता का नाम रियाजुद्दीन (जो प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे) और पत्नी का नाम सना था.

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी मोबिन को अपनी पत्नी सना और सगे पिता रियाजुद्दीन के बीच अवैध संबंध होने का शक था. इस 'शक की बीमारी' की वजह से घर में आए दिन भयंकर लड़ाइयां होती रहती थीं. हालांकि, मोबिन और सना की शादी हाल ही में हुई थी. 

पंचायत के बीच ही पिता की पिस्तौल से खेल दिया खूनी खेल

रविवार को इसी पारिवारिक विवाद और शक को सुलझाने के लिए सना के मायके वाले (जो हापुड़ के सलाई के रहने वाले हैं) खुर्जा आए हुए थे. घर पर सभी लोग बैठकर आपस में बातचीत कर रहे थे कि अचानक मोबिन फिर से अपनी पत्नी और पिता पर कीचड़ उछालने लगा और गंभीर आरोप लगाने लगा. 

देखते ही देखते बात इतनी बिगड़ गई कि मोबिन अपना आपा खो बैठा. उसने घर में रखी अपने पिता रियाजुद्दीन की ही लाइसेंसी पिस्तौल उठा ली और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. गोलियां लगने से पिता रियाजुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पत्नी सना को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया. 

आरोपी डॉक्टर पुलिस कस्टडी में

घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जिले के आला अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. फॉरेंसिक टीम ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं.

बुलंदशहर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, मुख्य आरोपी मोबिन को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है. इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई पिता की लाइसेंसी पिस्तौल को भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि पारिवारिक बयान दर्ज कर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है. लेकिन इस वारदात ने समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर आपसी समझदारी की जगह आज बंदूकों और खौफनाक शक ने क्यों ले ली है?

 

    follow google news