उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक बर्थडे पार्टी अचानक मातम में बदल गई. खुर्जा कोतवाली नगर इलाके में शनिवार को एक जिम में जन्मदिन मनाया जा रहा था. इसी दौरान केक लगाने को लेकर छोटा सा झगड़ा हुआ, जो देखते ही देखते खतरनाक बन गया.
ADVERTISEMENT
जानकारी के अनुसार, जीतू नाम का युवक अपना जन्मदिन मना रहा था. पार्टी में मनीष से मुंह पर केक लगाने को लेकर उसकी कहासुनी हो गई. बात बढ़ी तो जीतू ने गुस्से में आकर मनीष, उसके चचेरे भाई अमरदीप और भतीजे आकाश पर गोलियां चला दीं. गोली सीधे सिर में लगी और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई.
फायरिंग इतनी नजदीक से की गई कि तीनों युवकों के सिर में कई गोलियां लगीं. मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही तीनों जमीन पर गिर चुके थे.
आरोपी जीतू अभी फरार
घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने तीनों कोमृत घोषित कर दिया. इसके बाद इलाके में डर और गुस्से का माहौल बन गया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी के निर्देश पर कई टीमें बनाई गई हैं. आरोपी जीतू अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
राजनीतिक कनेक्शन आया सामने!
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी पहले समाजवादी पार्टी से जुड़ा रहा है, जबकि मृतक भाजपा से जुड़े बताए जा रहे हैं. हालांकि पुलिस ने अभी तक इस मामले में किसी राजनीतिक वजह की पुष्टि नहीं की है. शुरुआती जांच में इसे आपसी झगड़ा ही माना जा रहा है.
पुलिस का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है. इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ जारी है.
ADVERTISEMENT


