उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. घटना के मुख्य आरोपी और 50,000 रुपए के इनामी बदमाश जीतू सैनी को पुलिस ने गुरुवार सुबह एक मुठभेड़ के दौरान ढेर कर दिया है. यह एनकाउंटर कोतवाली खुर्जा नगर क्षेत्र में स्वाट टीम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हुआ. पुलिस की जवाबी फायरिंग में जीतू सैनी गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
ADVERTISEMENT
जन्मदिन की पार्टी में हुआ था खौफनाक हत्याकांड
इस पूरे मामले की शुरुआत 25 अप्रैल की रात को हुई थी, जिसने पूरे उत्तर प्रदेश को दहला दिया था. खुर्जा के सुभाष रोड स्थित आरजेएस फिटनेस जिम में जीतू सैनी अपना जन्मदिन मना रहा था. पार्टी के दौरान दोस्तों ने मजाक में जीतू के चेहरे पर केक लगा दिया था. यह छोटा सा मजाक देखते ही देखते भयानक विवाद में बदल गया. आरोप है कि चेहरे पर केक लगने से नाराज होकर जीतू सैनी ने अपने रिश्तेदारों से पिस्तौल मंगवाई और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. इस गोलीकांड में मनीष सैनी, अमरदीप सैनी और आकाश सैनी की मौके पर ही मौत हो गई थी.
पुलिस मुठभेड़ और आरोपी का खात्मा
ट्रिपल मर्डर की घटना के बाद से ही जीतू सैनी और उसके साथी फरार चल रहे थे. पुलिस ने जीतू सैनी पर 50,000 रुपए का इनाम घोषित कर रखा था. 30 अप्रैल की सुबह पुलिस को उसकी मौजूदगी की सूचना मिली, जिसके बाद घेराबंदी की गई. पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देख बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में जीतू सैनी को गोली लगी. हालांकि उसे तुरंत जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने के दौरान ही उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मौके से एक स्कूटी, 32 बोर की पिस्तौल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं.
मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी हुए घायल
इस एनकाउंटर के दौरान पुलिस टीम को भी कड़े प्रतिरोध का सामना करना पड़ा. बदमाश की ओर से की गई फायरिंग में एक इंस्पेक्टर और एक हेड कांस्टेबल घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बदमाशों ने पुलिस की बुलेट प्रूफ जैकेट पर भी गोलियां दागीं. इस मामले में अब तक 5 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस हत्याकांड से जुड़े सभी दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


