अगर आप भी उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे हैं और खाकी वर्दी पहनकर देश की सेवा करना चाहते हैं तो आपके लिए बहुत बड़ी खुशखबरी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एलान किया है कि यूपी में इस साल करीब 1 लाख नई पुलिस भर्तियां की जाएंगी. सीएम ने यह बात पुलिस विभाग के एक कार्यक्रम के दौरान कही जहां वे नए चुने गए 936 परिचालकों को नियुक्ति पत्र बांट रहे थे.
ADVERTISEMENT
रिकॉर्ड तोड़ नौकरियां
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले 9 सालों में राज्य सरकार ने 2 लाख 20 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की भर्ती पूरी की है. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ नंबर नहीं हैं, बल्कि यह यूपी की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा बदलाव है. सीएम का कहना है कि जब नीयत साफ हो और काम करने का जज्बा हो तो ऐसे ही शानदार नतीजे मिलते हैं.
क्यों जरूरी है इतनी बड़ी भर्ती?
योगी आदित्यनाथ ने साफ शब्दों में कहा कि किसी भी राज्य की तरक्की के लिए अच्छी कानून-व्यवस्था पहली शर्त है. आज यूपी में कानून का राज है इसीलिए देश-विदेश के बड़े-बड़े बिजनेसमैन यहां पैसा लगाने आ रहे हैं. जब इंवेस्टमेंट आता है तो फैक्ट्रियां लगती हैं और युवाओं को रोजगार मिलता है. इस पूरे चक्र को चलाने में पुलिस की भूमिका सबसे खास है.
खिलाड़ियों और होमगार्ड्स की भी चांदी
इस बार सिर्फ सिविल पुलिस ही नहीं बल्कि हर मोर्चे पर भर्तियां हो रही हैं. यूपी देश का पहला ऐसा राज्य है जिसने 500 से ज्यादा नेशनल और इंटरनेशनल खिलाड़ियों को सीधे पुलिस में भर्ती किया है. मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि पिछले तीन दिनों में ही होमगार्ड के 41,000 पदों के लिए परीक्षाएं कराई गई हैं.
ट्रेनिंग की क्षमता भी बढ़ी
साल 2017 से पहले की स्थिति याद दिलाते हुए सीएम ने कहा कि पहले एक बार में सिर्फ 3,000 जवानों को ही ट्रेनिंग दी जा सकती थी, लेकिन अब यूपी इतना सक्षम हो गया है कि हाल ही में भर्ती हुए 60,000 से ज्यादा जवानों की ट्रेनिंग राज्य के अपने ही सेंटरों में पूरी की जा रही है.
युवाओं के लिए संदेश
भले ही अभी भर्ती की तारीखों और पदों की पूरी लिस्ट आना बाकी है लेकिन सीएम के इस एलान ने यह साफ कर दिया है कि आने वाले कुछ महीनों में यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से बंपर नोटिफिकेशन आने वाले हैं.
ये भी पढ़ें: बड़े बेटे को मिली यूपी पुलिस की वर्दी, तो छोटे का तिरंगे में लिपटा आया शव...बागपत की ये कहानी जान पसीज जाएगा दिल!
ADVERTISEMENT


