उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के रोड शो और पीडीए यात्रा के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में 14 साल के छात्र आर्यवर्धन सिंह की मौत के बाद सूबे का सियासी पारा हाई हो गया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीधे तौर पर समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर बड़ा हमला बोलते हुए सख्त चेतावनी दी है कि उत्तर प्रदेश में किसी भी सूरत में गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
ADVERTISEMENT
पीड़ित परिवार से मिले सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद मृतक छात्र आर्यवर्धन सिंह के घर पहुंचे और शोकसंतप्त परिवार से मुलाकात की. उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और दोषियों के खिलाफ कानून के दायरे में रहकर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया. इस दौरान मृतक की मां ने रोते हुए पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद सीएम योगी ने आश्वस्त किया कि अराजकता फैलाकर दहशत का माहौल पैदा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.
'फिर से गर्मी चढ़ रही है...'
मीडिया से बातचीत के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के मुखिया और उनके समर्थकों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, "फिर से गर्मी चढ़ रही है, यह गुंडागर्दी यूपी के अंदर नहीं चलेगी. शर्म भी शर्मसार हो रही है समाजवादी पार्टी के मुखिया के इन कृत्यों और उनके गुंडों की हरकत से."
गौरतलब है कि गोरखपुर में रोड शो के दौरान फूल बरसाने के लिए लगाई गई जेसीबी की चपेट में आने से 10वीं के छात्र आर्यवर्धन सिंह की जान चली गई थी. इस मामले में पुलिस ने छह नामजद और 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.
अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया और राजनीतिक सरगर्मी
इस पूरी घटना पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं, साथ ही इस दुखद हादसे पर हो रही राजनीति को लेकर सवाल भी खड़े किए हैं. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि साल 2022 के विधानसभा चुनाव की तरह एक बार फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 'गर्मी' वाला बयान उत्तर प्रदेश की राजनीति के केंद्र में आ गया है.
ये भी पढ़ें: Nakur Election 2027: महज 300 वोटों के अंतर वाली इस हॉट सीट पर इस बार कौन मारेगा बाजी?
ADVERTISEMENT


