उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित 'पंचायत आजतक उत्तर प्रदेश' कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी. इस दौरान उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की जांच के बीच एक बहुत बड़ा बयान दिया है. सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या की घटना से राम भक्तों की आस्था को ठेस पहुंची है. इस मामले में राम जन्मभूमि ट्रस्ट के अनुरोध पर राज्य सरकार ने तुरंत SIT का गठन किया.
ADVERTISEMENT
सीएम ने कहा कि ट्रस्ट एक स्वतंत्र संस्था है. इसमें सरकार दखल नहीं देती है. SIT की रिपोर्ट आते ही ट्रस्ट ने कड़ी कार्रवाई की और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सीएम ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने देश के खजाने को लूटा और बड़े-बड़े घोटाले किए, उन्हें आज यह चोरी बहुत बड़ी लग रही है, लेकिन वे अपनी डकैती की चर्चा कभी नहीं करते.
पहले की पाबंदियां और आज का शांतिपूर्ण माहौल
मुख्यमंत्री ने यूपी की कानून-व्यवस्था की तारीफ करते हुए कहा कि साल 2017 से पहले प्रदेश में सुरक्षा का माहौल नहीं था. त्योहारों से पहले ही उपद्रव शुरू हो जाते थे और कर्फ्यू लग जाता था. पिछली सरकारों में कावड़ यात्रा, रामनवमी की शोभा यात्रा, कृष्ण जन्माष्टमी के आयोजन और दुर्गा पूजा के पंडालों पर प्रतिबंध लगा दिया जाता था. आज राज्य में हर समुदाय के त्योहार बहुत शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि जो लोग पहले इन आयोजनों को रोकते थे, वे आज आस्था की बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं, जो बेहद हास्यास्पद है.
कोर्ट में हलफनामा देने वाले आज कर रहे आस्था की बात
विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए सीएम योगी ने कहा कि जिन लोगों ने अयोध्या में राम भक्तों पर गोलियां चलवाईं और हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाकर माहौल खराब करने की कोशिश की, वे आज आस्था का ढोंग कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि ये वही लोग हैं जिन्होंने देश की सबसे बड़ी अदालत में शपथ पत्र देकर कहा था कि राम और कृष्ण का कोई अस्तित्व ही नहीं था. राम मंदिर के निर्माण में हर तरह की बाधा खड़ी करने वाले और कोर्ट में अपने वकील खड़े करने वाले लोग आज मंदिर को लेकर सवाल उठा रहे हैं.
अयोध्या से बदल रही है गरीबों की अर्थव्यवस्था
सीएम योगी ने बताया कि राम मंदिर बनने से न केवल आस्था को सम्मान मिला है, बल्कि यूपी की अर्थव्यवस्था को भी नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है. आज अयोध्या में रोजाना लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आ रहे हैं. इससे वहां के फूल बेचने वालों, रिक्शा चालकों, छोटे रेस्टोरेंट और चाय दुकानदारों, होटल मालिकों, टैक्सी चालकों और नाविकों की आर्थिक स्थिति बहुत मजबूत हुई है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि प्रयागराज महाकुंभ के दौरान एक नाविक परिवार ने 45 दिनों में 30 करोड़ रुपये की कमाई की थी.
विदेशी दौरों और चांदी की चम्मच पर तंज
समाजवादी पार्टी और विपक्ष के बड़े नेताओं पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोगों को जनता की समृद्धि अच्छी नहीं लगती क्योंकि वे मानते हैं कि समृद्धि पर सिर्फ दो खास खानदानों का ही अधिकार होना चाहिए. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जन्म से चांदी की चम्मच से खाने वाले और देर से सोकर उठने वाले इन राजकुमारों को न तो गर्मी का पता है और न ही बरसात की पीड़ा का. जब देश में जनता समस्याओं से जूझती है, तब ये लोग फीफा कप देखने या टूरिस्ट वीजा पर विदेश यात्राओं में व्यस्त रहते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग समाज को जाति के नाम पर बांटने का पाप कर रहे हैं.
जनता के सामने है 9 साल का रिपोर्ट कार्ड
अपने संबोधन के आखिर में सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार के 9 वर्षों की कार्य पद्धति और पारदर्शी रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने है. वहीं दूसरी तरफ साल 2003 से 2017 के बीच प्रदेश में शासन करने वाली समाजवादी पार्टी और अन्य सरकारों की सच्चाई भी हर कोई जानता है. पीएम मोदी के नेतृत्व में देश 'विकसित भारत' के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और जनता आने वाले समय में पूरी समझदारी से फैसला करेगी.
ADVERTISEMENT


