Deepika Death Case: करोड़ों की शादी की, फिर भी... दीपिका नागर की मौत पर परिवार और पड़ोसियों ने क्या-क्या बताया, जानें

ग्रेटर नोएडा के जलपुरा में एमबीबीएस छात्रा दीपिका नागर की संदिग्ध मौत के बाद मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर 1 करोड़ की शादी के बाद भी फॉर्च्यूनर और 50 लाख रुपये दहेज मांगने व बेरहमी से हत्या करने का आरोप लगाया है. मामले में पुलिस ने पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है.

दीपिका नागर की पोस्टमार्टम रिपोट आई सामने
दीपिका नागर की पोस्टमार्टम रिपोट आई सामने

गौरव कुमार पांडेय

follow google news

चर्चित दीपिका नागर मौत मामले में पीड़िता के परिवार का गुस्सा और दुख अब ज्वालामुखी बनकर फूट पड़ा है. दीपिका की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद उनकी मां, चाची और चाचा का रो-रोकर बुरा हाल है. मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का सीधा आरोप लगाते हुए बेहद कड़ा और खौफनाक बयान दिया है. परिवार का कहना है कि उन्होंने बेटी की शादी में एक करोड़ रुपये खर्च किए थे, इसके बावजूद ससुर और पति लगातार 50 लाख रुपये और फॉर्च्यूनर गाड़ी की डिमांड कर रहे थे. सहयोगी चैनल UP Tak की इस ग्राउंड रिपोर्ट के आधार पर जानिए परिजनों ने क्या-क्या बड़े खुलासे किए हैं.

Read more!

घर पहुंचे ही थे कि आ गई मौत की खबर

दीपिका के चाचा ने रोते हुए बताया कि घटना वाले दिन ही लड़की के पिता और परिवार के अन्य सदस्य दीपिका के ससुराल (जलपुरा) गए थे. वहां सब कुछ सामान्य लग रहा था और दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई. लेकिन हैरान करने वाली बात यह है कि जैसे ही मायके वाले वहां से विदा होकर अपने घर पहुंचे, तुरंत ही दीपिका की मौत की खबर आ गई. चाचा का आरोप है कि यह कोई हादसा या खुदकुशी नहीं है, बल्कि पूरी तरह से 'प्री-प्लान्ड मर्डर' (सोची-समझी हत्या) है. उन्होंने कहा कि आरोपियों ने पहले से ही मन बना रखा था कि जैसे ही मायके वाले जाएंगे, वे इस वारदात को अंजाम दे देंगे.

1 करोड़ की शादी के बाद भी प्रताड़ना

दीपिका की चाची अनीता नागर ने रोते हुए अपनी भतीजी के लिए इंसाफ की गुहार लगाई. उन्होंने बताया, "हमने अपनी लाडली की शादी में 1 करोड़ रुपये पानी की तरह बहाए थे. हमारी बेटी एमबीबीएस (MBBS) की छात्रा थी और बेहद खूबसूरत व समझदार थी. लेकिन शादी के बाद से ही दामाद मनोज, ससुर और उनके परिवार के लोग उसे 50 लाख रुपये नकद और फॉर्च्यूनर (Fortuner) कार के लिए लगातार प्रताड़ित कर रहे थे."

परिजनों का आरोप है कि इस हत्याकांड में सिर्फ पति और ससुर ही नहीं, बल्कि दीपिका की सास, दोनों ननदें और पति के भाई भी बराबर के भागीदार हैं. उन्होंने मांग की है कि पुलिस सिर्फ दो लोगों को पकड़कर शांत न बैठे, बल्कि घर के बाकी सदस्यों को भी तुरंत गिरफ्तार करे.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शरीर पर चोट के निशान

मृतका के चाचा और परिजनों ने दावा किया कि उन्होंने दीपिका की बॉडी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के कुछ हिस्से देखे हैं, जो साफ बयां करते हैं कि उसे बेरहमी से पीटा गया था. परिजनों के मुताबिक, दीपिका के पेट और पूरे शरीर पर गंभीर चोटों के निशान और घाव मिले हैं, जिससे उसके कई आंतरिक अंग (Organs) फेल हो गए थे. उनका आरोप है कि आरोपियों ने पहले दीपिका को बुरी तरह से मार-पीटकर मौत के घाट उतारा और फिर मामले को दबाने के लिए खुदकुशी की एक मनगढ़ंत कहानी तैयार कर दी.

खून के बदले खून और आरोपियों के घर पर चले बुलडोजर

दीपिका की मां और चाची का गुस्सा इस कदर चरम पर था कि उन्होंने सरकार से सीधे 'खूनी न्याय' की मांग कर डाली. रोती-बिलखती मां ने कहा, "आज जैसे हमारे घर में मातम छाया है और हम तड़प रहे हैं, वैसे ही उनके घर में भी मातम छाना चाहिए. हमें खून के बदले खून चाहिए. उनके बेटे को भी मौत की सजा मिलनी चाहिए. जब तक ऐसे दरिंदों के बेटों को मार नहीं दिया जाएगा, तब तक दुनिया की दूसरी बेटियां सुरक्षित नहीं रहेंगी." परिजनों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाते हुए कहा कि वे बीजेपी के समर्थक हैं और चाहते हैं कि आरोपियों के घर पर तुरंत बुलडोजर चलाया जाए और अगर जरूरत पड़े तो मामले की सीबीआई (CBI) जांच कराई जाए.

क्या है पुलिस की कार्रवाई और पोस्टमार्टम की स्थिति?

ग्राउंड रिपोर्ट के मुताबिक, यह पूरा मामला ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव का है. दीपिका की मौत के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मृतका के पति मनोज और उसके ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर डॉक्टरों का कहना है कि मौत के सटीक कारणों (Cause of Death) का पता लगाने के लिए विसरा और अन्य अंगों की गहन फॉरेंसिक जांच की जा रही है. जांच की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह पूरी तरह साफ हो पाएगी. फिलहाल पुलिस मामले के बाकी फरार आरोपियों की तलाश और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.

 

    follow google news