Deepika Case: दीपिका नागर मौत मामले में चचिया ससुर ने बहु को लेकर दे दिया बड़ा बयान, बोले- दहेज नहीं...

Greater Noida में शादी के 14 महीनों के भीतर हुई दीपिका नागर की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है. मायके पक्ष के दहेज और प्रताड़ना के आरोपों के बीच ससुराल पक्ष (चचिया ससुर) ने बड़ा खुलासा किया है.

दीपिका नागर मामले में बड़ा खुलासा
दीपिका नागर मामले में बड़ा खुलासा

गौरव कुमार पांडेय

follow google news

ग्रेटर नोएडा की दीपिका नागर मौत मामले में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. शादी के महज 14 महीनों के भीतर ही एक हंसते-खेलते चेहरे की मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जहां एक तरफ दीपिका के मायके वाले ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, फॉर्च्यूनर कार और 50 लाख रुपये कैश मांगने के संगीन आरोप लगा रहे हैं वहीं अब इस पूरे मामले में ससुराल पक्ष का एक बड़ा बयान सामने आया है.

Read more!

यूपी तक की टीम जब जमीनी हकीकत जानने दीपिका नागर के ससुराल पहुंची तो आरोपी पति रितिक के चाचा (चचिया ससुर) ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कई हैरान करने वाले दावे किए हैं.

दहेज नहीं, बहू के नाम कर रखी थी करोड़ों की प्रॉपर्टी

दीपिका के चचिया ससुर का दावा है कि ससुराल वालों ने दीपिका को प्रताड़ित करने के बजाय उसके नाम पर करोड़ों रुपये की संपत्ति कर रखी थी. उन्होंने बताया, "ससुर मनोज ने खुद अपनी बहू दीपिका के नाम से जलपुरा के विला के पास एक कॉर्नर का प्लॉट और गांव की कॉलोनी में दो अन्य प्लॉट खरीदे थे, जिनकी रजिस्ट्री आज भी घर में मौजूद है. कोई भी खसरा नंबर निकलवाकर इसे चेक कर सकता है."

दीपिका के नाम पर बन रहा था बड़ा स्कूल

चचिया ससुर ने आगे खुलासा करते हुए कहा कि दीपिका काफी पढ़ी-लिखी और समझदार थी. इसी वजह से ससुर मनोज का प्लान था कि वे एक नया और बड़ा स्कूल दीपिका के नाम से ही शुरू करें. इस स्कूल का कंस्ट्रक्शन (निर्माण कार्य) अभी चल रहा था और दीपिका को ही इस स्कूल की कमान संभालनी थी और वहां की प्रिंसिपल बनना था. ससुराल पक्ष का कहना है कि जब वे अपनी बहू को इतना बड़ा दर्जा दे रहे थे, तो दहेज मांगने का सवाल ही नहीं उठता.

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का दिया हवाला

इंटरनेट और सोशल मीडिया पर रितिक और दीपिका के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें पति रितिक अपनी पत्नी दीपिका के पैर दबाते और नेल पॉलिश लगाते नजर आ रहा है. इन वीडियो का हवाला देते हुए चचिया ससुर ने कहा, "दोनों के बीच बहुत प्यार था. रितिक इकलौता लड़का है और दीपिका इकलौती लड़की थी. मनोज (ससुर) ने खुद लड़की को पसंद किया था, उन्होंने पढ़ा-लिखा और साफ-सुथरा परिवार देखकर शादी की थी, न कि दहेज के लिए."

पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल

ससुराल पक्ष ने पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष व्यक्त किया है. चचिया ससुर का कहना है कि पुलिस केवल एक पक्ष की बात सुनकर धरपकड़ कर रही है. जिन रिश्तेदारों के नाम एफआईआर (FIR) में लिखाए गए हैं, वे मुख्य मकान से 1 किलोमीटर दूर रहते हैं. उन्होंने मांग की कि घटना वाली रात (12:30 बजे) के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाए ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके.

अब तक मामले में 4 गिरफ्तारियां

भले ही ससुराल पक्ष इन दावों के जरिए खुद को बेकसूर बता रहा हो, लेकिन मायके पक्ष के आरोपों और दीपिका के शरीर पर मिले निशानों के आधार पर पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है. ग्रेटर नोएडा पुलिस ने इस मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें:

  • आरोपी पति - रितिक
  • आरोपी ससुर - मनोज
  • आरोपी सास
  • चचिया ससुर - विनोद

पुलिस लगातार मामले की तफ्तीश कर रही है कि आखिर उस मौत वाली रात को 12:30 बजे ऐसा क्या हुआ था जिसके कारण दीपिका की जान चली गई. दोनों पक्षों के अपने-अपने दावे हैं, लेकिन इंसाफ की तराजू अब पुलिस की अंतिम जांच रिपोर्ट पर टिकी है.

यहां देखें वीडियो

 

    follow google news