Jantar Mantar CJP Protest: मानसून सत्र से पहले विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन, अखिलेश यादव खुद करेंगे मार्च की अगुवाई!

न्यूज तक डेस्क

• 05:28 PM • 19 Jul 2026

Jantar Mantar CJP Protest: संसद के मानसून सत्र से ठीक पहले सोनम वांगचुक को पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद दिल्ली के जंतर-मंतर पर भारी सियासी घमासान शुरू हो गया है.

संसद मार्च में उतरेगी सपा
संसद मार्च में उतरेगी सपा
Google CTA

20 जुलाई से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र से ठीक पहले देश की राजधानी दिल्ली का जंतर-मंतर सियासी जंग का सबसे बड़ा अखाड़ा बन चुका है. सोशल मीडिया से लेकर सड़क तक 'चलो संसद' का नारा गूंज रहा है. जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन जारी है लेकिन भूख हड़ताल के 21वें दिन जब पुलिस सोनम वांगचुक को उठाकर ले गई, तो मानो पूरे विपक्ष का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया.

Read more!

वांगचुक की हिरासत के बाद अब विपक्ष सरकार को सड़क से लेकर सदन तक घेरने के लिए पूरी तरह तमतमाया हुआ है. इस आंदोलन को धार देने के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) ने सबसे बड़ी तैयारी की है, जिसकी अगुवाई खुद अखिलेश यादव कर सकते हैं.

अस्पताल से वांगचुक का संदेश

पुलिस द्वारा जबरन अस्पताल ले जाए जाने के बाद सोनम वांगचुक ने अस्पताल से ही एक बेहद भावुक और कड़क संदेश जारी किया है. वांगचुक ने इस प्रदर्शन को भारत का दूसरा स्वतंत्रता संग्राम बताते हुए कहा, "अन्याय से आजादी, डर से आजादी, पेपर लीक जैसे घोटालों से मुक्ति और मेरी इस गैरकानूनी हिरासत के खिलाफ 20 जुलाई के संसद मार्च को देश का युवा सफल बनाकर रहेगा." अस्पताल में वांगचुक की आवाज को हवा देने के लिए अब सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीप खुद भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं.

इकरा हसन ने दिया ट्रेलर

जंतर-मंतर पर सपाहियों के भारी जुटान के बीच सपा की तेजतर्रार सांसद इकरा हसन ने सरकार पर तीखा हमला बोला है. इकरा हसन ने कहा, "सत्ता में बैठे लोगों को शर्म आनी चाहिए. जिस व्यक्ति ने देश को इतना गौरव दिलाया, उसके साथ ऐसा बर्ताव किया जा रहा है. इस सरकार का अहंकार दिन पर दिन बढ़ता जा रहा है, जिसे देश का युवा तोड़कर रहेगा. 20 जुलाई को समाजवादी पार्टी के सभी सांसद इस मार्च में शामिल होंगे और इस गूंज को हम सड़क से संसद के भीतर तक लेकर जाएंगे."

सपा सांसद इकरा हसन के इस बयान से साफ है कि सिर्फ इकरा या पुष्पेंद्र सरोज ही नहीं, बल्कि खुद सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव भी इस मार्च की अगुवाई करते नजर आ सकते हैं. सपा सांसद डिंपल यादव और धर्मेंद्र यादव पहले ही जंतर-मंतर जाकर अपना रुख साफ कर चुके हैं.

आधी रात को मुंबई से सीधे जंतर-मंतर पहुंचे चंद्रशेखर आजाद

इस आंदोलन में युवाओं और विपक्ष को लामबंद करने के लिए भीम आर्मी चीफ और सांसद चंद्रशेखर आजाद भी कूद पड़े हैं. चंद्रशेखर आजाद रात करीब 2:30 बजे मुंबई से सीधे दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचे और पूरी रात प्रदर्शनकारियों के साथ डटे रहे. उन्होंने दावा किया कि युवाओं की यह फौज अब पीछे हटने वाली नहीं है और यह आंदोलन पूरी सरकार को हिलाकर रख देगा.

दिल्ली पुलिस अलर्ट

20 जुलाई से शुरू होकर 13 अगस्त तक चलने वाले मानसून सत्र के मद्देनजर दिल्ली पुलिस के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती है. जंतर-मंतर से संसद भवन महज 500 मीटर की दूरी पर है. सूत्रों के मुताबिक, सीजेपी (CJP) की तरफ से इस मार्च के लिए दिल्ली पुलिस से कोई आधिकारिक अनुमति नहीं मांगी गई है.

पुलिस ने कई बार उनका प्लान जानने की कोशिश की लेकिन स्थिति स्पष्ट नहीं की गई. फिलहाल, जंतर-मंतर को भारी बैरिकेडिंग के साथ छावनी में तब्दील कर दिया गया है ताकि किसी भी कीमत पर मार्च को संसद के आसपास फटकने न दिया जाए. लेकिन विपक्ष और सपाहियों के तेवर देखकर लग रहा है कि मानसून सत्र के पहले ही दिन दिल्ली की सड़कों पर भयंकर सियासी घमासान होना तय है.