deoria accident: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. जहां शादी की खुशियां मातम में बदल गईं. दरअसल, शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे दो युवकों को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कुचल दिया. इस हादसे में दोनों की जान चली गई.
ADVERTISEMENT
कार्ड बांटकर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, लार थाना क्षेत्र के सकरापार गांव के रहने वाले राहुल यादव की शादी 20 अप्रैल को तय थी. शनिवार को राहुल अपने दोस्त सचिन के साथ बाइक पर सवार होकर रिश्तेदारों को शादी का न्योता देने निकला था. शाम के वक्त जब दोनों खामपार से कार्ड बांटकर वापस घर लौट रहे थे, तभी मझौलीराज के पास जिरासो बंधा के समीप सामने से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.
सड़क पर बिखर गए शादी के कार्ड
टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सवार दोनों युवक काफी दूर तक घसीटते चले गए. मौके पर राहुल की शादी के कार्ड सड़क पर बिखरे पड़े मिले, जिसे देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं. इस हादसे की चपेट में एक ऑटो भी आ गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को सलेमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
दोनों थे परिवार के इकलौते बेटे
इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. बताया जा रहा है कि राहुल और सचिन दोनों ही अपने-अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे. जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब चीख-पुकार मची है. पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश जारी है. थाना प्रभारी दिनेश मिश्रा ने बताया कि मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT


